छत्तीसगढ़: जेलों से परिजनों से बात भी होगी और दीदार भी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में जेल प्रशासन और भारत संचार निगम लिमिटेड के बीच हुए एक महत्वपूर्ण अनुबंध के तहत अब सभी 33 जेलों में 'वीडियो और ऑडियो प्रिजन कॉलिंग सिस्टम' स्थापित किया जाएगा. इस नई तकनीक के माध्यम से बंदी न केवल अपने परिजनों और वकीलों से फोन पर चर्चा कर सकेंगे, बल्कि वीडियो कॉल के जरिए उनका चेहरा भी देख पाएंगे.
उप मुख्यमंत्री और जेल मंत्री विजय शर्मा की पहल पर शुरू की गई इस योजना का मुख्य उद्देश्य जेल में बंद कैदियों के मानसिक तनाव को कम करना और उन्हें सामाजिक रूप से जोड़े रखना है.
वर्तमान में राज्य की सिर्फ 17 जेलों में ही ऑडियो कॉल की सुविधा मिल रही थी, लेकिन अब इसका विस्तार कर सभी जेलों को हाई-टेक किया जा रहा है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह स्पष्ट किया गया है कि कैदी केवल पहले से पंजीकृत और सत्यापित नंबरों पर ही संपर्क कर सकेंगे.
इस सुविधा के शुल्क की बात करें तो ऑडियो कॉल के लिए एक रुपया प्रति मिनट और वीडियो कॉल के लिए पांच रुपये प्रति मिनट की दर तय की गई है. प्रत्येक बंदी को सप्ताह में एक बार पांच मिनट तक बात करने की अनुमति दी जाएगी.
खास बात यह है कि सजा काट रहे कैदी अपने काम के बदले मिलने वाले पारिश्रमिक से इस सेवा का खर्च उठा सकेंगे. जेल प्रशासन को उम्मीद है कि परिवार से सीधे संवाद होने से बंदियों के व्यवहार में सकारात्मक बदलाव आएगा और जेलों के भीतर अवसाद की समस्या में कमी आएगी.