शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

8वीं मंजिल से गिरकर युवक की मौत, आत्महत्या या साजिश ?

C

CG Khabar

11 जन. 2026, 02:49 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

शव
शव

रायपुर । संवाददाता: राजधानी रायपुर के राजेंद्र नगर इलाके में शुक्रवार को एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई. न्यू राजेंद्र नगर स्थित डॉल्फिन कॉलोनी की एक बहुमंजिला इमारत से युवक के गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया. बताया जा रहा है कि युवक आठवीं मंजिल से नीचे गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई.


घटना की जानकारी मिलते ही राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया. मृतक की पहचान 27 वर्षीय असलम अंसारी के रूप में हुई है, जो मध्यप्रदेश के रीवा जिले का निवासी था और रायपुर में गार्ड के तौर पर कार्यरत था.


पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन फिलहाल किसी ठोस नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी. पुलिस हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही है. घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, वहीं कॉलोनी में रहने वाले लोगों और संभावित प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है.


घटना के बाद डॉल्फिन कॉलोनी में भय और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवक किन परिस्थितियों में इमारत से गिरा, यह स्पष्ट करने के लिए तकनीकी साक्ष्यों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है.


मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. गौरतलब है कि राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी संदिग्ध मौत का मामला सामने आया है. इससे पहले अमलीडीह क्षेत्र के मारुति रेजिडेंसी में एक युवती द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना दर्ज की गई थी.


फिलहाल असलम अंसारी की मौत आत्महत्या थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण या आपराधिक साजिश है, इसका खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा. पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों के सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP