व्हाइट हाउस ने लॉन्च किया 24/7 ‘ट्रम्प टीवी’
नई दिल्ली । डेस्क: अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और देश के प्रमुख मीडिया संस्थानों के बीच विवाद गहरा गया है. इस अभूतपूर्व टकराव के बीच व्हाइट हाउस ने सोमवार को 24/7 चलने वाला अपना डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘ट्रम्प टीवी’ लॉन्च किया है.
यह कदम ऐसे समय उठाया गया है जब व्हाइट हाउस प्रेस पूल में शामिल प्रमुख टीवी नेटवर्क ने कवरेज रोक दी है और तीन बड़े मीडिया संस्थान अपने प्रतिबंध के खिलाफ अदालत पहुंच गए हैं.
‘ट्रम्प टीवी: द एसेंशियल्स स्टेशन’ नाम से शुरू हुई यह स्ट्रीमिंग सेवा व्हाइट हाउस के आधिकारिक यूट्यूब चैनल के जरिए संचालित की जा रही है. इस पर राष्ट्रपति ट्रम्प के भाषण, प्रशासनिक घोषणाएं और उनके कार्यकाल के प्रमुख लम्हों का सीधा प्रसारण किया जा रहा है.
दूसरी तरफ, पत्रकारिता की स्वतंत्रता और प्रेस क्रेडेंशियल रद्द करने को लेकर सीएनएन (CNN), एमएस नाउ (MS NOW) और पोलिटिको (Politico) ने अमरीकी प्रशासन के खिलाफ वॉशिंगटन की अदालत में मुकदमा दायर किया है.
इन मीडिया घरानों का कहना है कि उनकी रिपोर्टिंग से असहमत होकर व्हाइट हाउस ने बिना किसी पूर्व सूचना या प्रक्रिया के उनके पत्रकारों की एंट्री रोक दी, जो अमरीकी संविधान के प्रथम और पांचवें संशोधन का उल्लंघन है.
इस विवाद के चलते एबीसी न्यूज़, सीबीएस न्यूज़, फॉक्स न्यूज़, एनबीसी न्यूज़ और सीएनएन जैसे बड़े चैनलों के साझा ‘व्हाइट हाउस टेलीविज़न पूल’ का काम प्रभावित हो गया है. सीएनएन को पूल ड्यूटी से रोके जाने के बाद सभी प्रमुख टीवी नेटवर्कों ने एकजुटता दिखाते हुए राष्ट्रपति से जुड़े कार्यक्रमों का साझा कवरेज निलंबित कर दिया है.
दूसरी ओर, राष्ट्रपति ट्रम्प ने अपने फैसले का बचाव करते हुए कहा है कि जो मीडिया संस्थान पक्षपातपूर्ण या फर्जी खबरें दिखाते हैं, उन्हें व्हाइट हाउस में प्रवेश का कोई अधिकार नहीं है. अब इस मामले की सुनवाई संघीय अदालत में चल रही है.