कहां है अली खामेनेई के उत्तराधिकारी मुजतबा खामेनेई?
तेहरान । डेस्क: ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत के बाद जहां एक तरफ देश में उनके अंतिम संस्कार की तैयारियां चल रही हैं, वहीं दूसरी तरफ हर किसी के जेहन में एक ही सवाल कौंध रहा है कहां हैं अली खामेनेई के उत्तराधिकारी मोज्तबा खामेनेई?
रविवार को तेहरान के इमाम खुमैनी ग्रैंड मोसल्ला में जब दिवंगत नेता और उनके परिवार के अन्य सदस्यों के ताबूतों के पास प्रार्थना सभा आयोजित की गई, तो वहां खामेनेई के तीन बेटे मोस्तफा, मीसम और मसूद तो नजर आए, लेकिन सत्ता की कमान संभालने वाले मोज्तबा खामेनेई पूरी तरह गायब रहे.
मोज्तबा खामेनेई के इस तरह सार्वजनिक रूप से सामने न आने के पीछे 28 फरवरी को हुआ वह भीषण हमला है, जिसमें उनके पिता अली खामेनेई समेत परिवार के पांच सदस्यों की जान चली गई थी.
युद्ध की शुरुआत में इजराइल और अमेरिका द्वारा ईरानी ठिकानों पर की गई इस बमबारी में मोज्तबा भी गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. उनके करीबी सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस हमले में मोज्तबा का चेहरा बुरी तरह विकृत हो गया है और उनके पैरों में भी बेहद गंभीर चोटें आई हैं.
यही वजह है कि ईरान का नया सर्वोच्च नेता बनने के बावजूद वे अपनी शारीरिक स्थिति के कारण जनता या मीडिया के सामने नहीं आ पा रहे हैं.
उनकी अनुपस्थिति के बीच, ईरान में इस समय राजकीय शोक का माहौल है और खामेनेई के प्रति वफादारी दिखाने के लिए एक सप्ताह तक चलने वाले विशाल जन-जुलूसों का सिलसिला शुरू हो चुका है. रविवार को राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन और संसद अध्यक्ष मोहम्मद बगेर कलीबाफ की मौजूदगी में खामेनेई, उनकी बेटी, दामाद, बहू और 14 महीने की पोती के ताबूतों को कांच के बक्से में अंतिम दर्शन के लिए रखा गया.
इस दौरान अपने पिता के ताबूत के सामने मसूद खामेनेई रोते हुए दिखाई दिए.
इस बीच, वाशिंगटन के साथ हुए एक समझौते के तहत चार महीने से जारी इस युद्ध पर फिलहाल सीजफायर लगा हुआ है. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने पुष्टि की है कि इस अंतिम संस्कार के कार्यक्रमों को देखते हुए शांति वार्ता को एक हफ्ते के लिए टाल दिया गया है. ईरानी प्रशासन इस सीजफायर को अपनी बड़ी आर्थिक और कूटनीतिक जीत के रूप में प्रचारित कर रहा है.
अपने दिवंगत नेता को विदा करने के लिए तेहरान की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा है, जहां शनिवार रात से रविवार सुबह के बीच मेट्रो से रिकॉर्ड 70 लाख लोगों ने सफर किया. सोमवार को तेहरान में एक विशाल जुलूस निकालने के बाद, खामेनेई के पार्थिव शरीर को शिया धार्मिक केंद्र कॉम (Qom) ले जाया जाएगा.
इसके बाद बुधवार को उनके अवशेषों को पड़ोसी देश इराक के पवित्र शिया शहरों नजफ और करबला ले जाया जाएगा, जहां से गुरुवार को वापसी के बाद उन्हें ईरान के मशहद में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा.
प्रशासन ने इन सभी आयोजनों में लाखों लोगों की भीड़ जुटने की उम्मीद में सुरक्षा और परिवहन के कड़े इंतजाम किए हैं, लेकिन इन सबके बीच नए सर्वोच्च नेता मोज्तबा खामेनेई का सामने न आना लगातार सस्पेंस पैदा कर रहा है.