भारतीयों का जीवन बेहतर बनाना जारी रहेगा- PM मोदी
नई दिल्ली । डेस्क: वर्ष 2025 की विदाई के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को भविष्य के प्रति आश्वस्त करते हुए 'ईज ऑफ लिविंग' (जीवन सुगमता) के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया है. अपने कार्यकाल के 11वें वर्ष में पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर MyGovIndia के एक थ्रेड को साझा करते हुए कहा कि उनकी सरकार भारतीयों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कड़ी मेहनत करती रहेगी.
उन्होंने जोर देकर कहा कि सुधारों का यह सिलसिला आने वाले समय में और भी अधिक ऊर्जा के साथ जारी रहेगा.
Ours is a Government committed to boosting ‘Ease of Living’ and this thread below gives examples of how we have worked in that direction. Our reform trajectory will continue with even more vigour in the coming times. https://t.co/4ZdPFQl92b
— Narendra Modi (@narendramodi) December 26, 2025
MyGovIndia द्वारा साझा किए गए विवरणों के अनुसार, साल 2025 शासन व्यवस्था में एक बड़े बदलाव का गवाह बना है, जहाँ सुधारों का मुख्य फोकस जटिलता को कम कर परिणामों को बेहतर बनाना रहा.
इस साल के सबसे महत्वपूर्ण सुधारों में नया 'आयकर अधिनियम 2025' चर्चा में रहा, जिसके तहत 12 लाख रुपये तक की आय को कर मुक्त कर दिया गया है. इसके अलावा, छोटे व्यवसायों के लिए निवेश और टर्नओवर की सीमाओं में वृद्धि की गई है ताकि व्यापार करने में आसानी हो सके.
ग्रामीण भारत के लिए एक बड़े बदलाव का जिक्र करते हुए पोस्ट में बताया गया कि मनरेगा (MGNREGA) के स्थान पर अब 'VB-G RAM G अधिनियम' लागू किया गया है. यह नई योजना न केवल मजदूरी सुनिश्चित करती है, बल्कि गांवों में स्थायी संपत्ति के निर्माण पर भी केंद्रित है.
सरकार ने श्रम संहिताओं (Labour Codes) और जीएसटी (GST) दरों के युक्तिकरण को भी अपनी प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया है.
प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि इन सभी नीतियों का मूल उद्देश्य नागरिकों और व्यवसायों के लिए अनुपालन के बोझ को कम करना और भरोसे पर आधारित एक पारदर्शी शासन प्रणाली का निर्माण करना है.