नक्सल प्रभावित बोदली में पहली बार मतदान
छत्तीसगढ़ नक्सल प्रभावित बोदली में पहली बार हो रहा मतदान
जगदलपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान जारी है. बस्तर जिले के लोहंडीगुड़ा और बस्तर जनपद में भी सुबह 6 बजकर 45 मिनट से मतदान शुरू हुआ.
इसमें बस्तर जनपद की 91, लोहंडीगुड़ा जनपद की 49 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण मतदाता अपना मत डालेंगे.
बस्तर जनपद में कुल 254 और लोहंडीगुड़ा जनपद में 159 मतदान केंद्रों में मतदान शुरू हो चुका है. प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज अपने परिवार समेत लोहंडीगुड़ा जनपद के गढ़िया पंचायत मतदान केंद्र में वोट डालने पहुँचे.
मतदान को लेकर सुबह से ही ग्रामीण मतदाताओ में उत्साह देखा जा रहा है. मतदान का समय दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है. जिसके बाद 3 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी.
अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों में सुरक्षा बल तैनात
निर्वाचन अधिकारी हरीश.एस से मिली जानकारी के मुताबिक लोहंडीगुड़ा जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 55 हजार 991 है.
जबकि बस्तर जनपद में 1 लाख 16 हजार 540 मतदाता हैं. बस्तर जनपद में जिला पंचायत सदस्य के लिए 4, जनपद सदस्य 23, सरपंच के लिए 91 और वार्ड पंच के 1237 पदों के लिए चुनाव हो रहा है.
वहीं लोहंडीगुड़ा जनपद में जिला पंचायत सदस्य- 2, जनपद सदस्य 13, सरपंच पद के लिए 49 और वार्ड पंच के लिए 652 पदों पर चुनाव हो रहा है. निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि लौंहडीगुड़ा जनपद के कुछ क्षेत्र अति संवेदनशील हैं.
इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों को मतदान केंद्रों में तैनात किया गया है. हालांकि दोनों ही जनपद में शांति से चुनाव संपन्न कराया जा रहा है. यहां भी दोपहर 3:00 बजे से मतगणना शुरू होगी.
इसके बाद 23 फरवरी को आखिरी चरण में बास्तानार, तोकापाल और बकावंड जनपद में मतदान होना है.