यूपी: मुख्तार अंसारी के करीबी शोएब 'बॉबी' की गोली मारकर हत्या
लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार दोपहर सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी के करीबी सहयोगी और हिस्ट्रीशीटर शोएब किदवई उर्फ बॉबी की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर असेनी मोड़ के पास हुई.
बताया जा रहा है कि बॉबी अपनी बलेनो कार से लखनऊ से बाराबंकी जा रहा था, तभी मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने उसे रोककर अंधाधुंध फायरिंग कर दी.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की संजीदगी को देखते हुए जिले में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है.
मारे गए शोएब बॉबी पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज थे. पुलिस के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी (SOG) समेत पुलिस की कई विशेष टीमें गठित की गई हैं.
मुख्तार अंसारी की मौत के बाद उसके करीबियों को निशाना बनाए जाने की इस घटना ने इलाके में तनाव पैदा कर दिया है.