रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

उत्तर प्रदेश: पति ने पत्नी को जुए में हारा तो 8 लोगों ने किया गैंगरेप

C

CG Khabar

30 मार्च 2026, 07:37 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

गैंगरेप
गैंगरेप

लखनऊ । डेस्क: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक नवविवाहिता ने अपने पति और ससुराल वालों पर सामूहिक दुष्कर्म, प्रताड़ना और हत्या के प्रयास के सनसनीखेज आरोप लगाए हैं. पीड़िता के अनुसार, उसे जुए में दांव पर लगाया गया और हारने के बाद 8 दरिंदों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया. इस मामले ने क्षेत्र में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है और महिला सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.


शिकायत के मुताबिक, पीड़िता का विवाह पिछले साल 24 अक्टूबर को मेरठ के खिवाई गांव निवासी दानिश के साथ हुआ था. आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाने लगा. पीड़िता ने बताया कि उसका पति शराब और जुए का आदी था. 

विज्ञापन


जुए की लत में अंधा होकर दानिश ने अपनी पत्नी को ही दांव पर लगा दिया. हारने के बाद, उसे जबरन गैर मर्दों के पास भेजा गया, जहां 8 लोगों ने उसके साथ दरिंदगी की. पीड़िता ने इनमें से गाजियाबाद के उमेश गुप्ता, मनु और अंशुल की पहचान की है.


दुष्कर्म का सिलसिला यहीं नहीं थमा. महिला का आरोप है कि उसके ससुर यामीन, जेठ शाहिद और नंदोई शाकिन ने भी उसके साथ बलात्कार किया. ससुर ने कथित तौर पर उसे धमकाते हुए कहा कि चूंकि वह पर्याप्त दहेज लेकर नहीं आई है, इसलिए उसे परिवार के पुरुषों को खुश करना होगा. 


पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर ससुराल वालों ने जबरन उसका गर्भपात करा दिया. 


जुल्म की इंतहा तब हो गई जब आरोपियों ने उसके पैरों पर तेजाब डाल दिया और उसे मरा हुआ समझकर नदी में फेंक दिया. खुशकिस्मती से कुछ राहगीरों ने उसे देख लिया और उसकी जान बचाई.


किसी तरह अपने मायके पहुंची पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई. वर्तमान में आरोपी पक्ष केस वापस लेने के लिए उसके पिता को धमका रहा है. 


न्याय की गुहार लेकर पीड़िता ने बागपत पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन दिया, जिसके बाद बिनौली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया है.


Symbolic Photo

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP