भारत पर लगा 25% अतिरिक्त टैरिफ हटा सकता है अमेरिका
वाशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी वित्त सचिव स्कॉट बेसेन्ट ने भारत पर लगे अतिरिक्त 25 प्रतिशत आयात शुल्क को वापस लेने के संकेत दिए हैं. बेसेन्ट का दावा है कि भारत ने रूस से कच्चे तेल की खरीद बंद कर दी है, जिसके चलते अब दंडात्मक शुल्क को हटाने पर विचार किया जा सकता है.
गौरतलब है कि पिछले साल जुलाई में ट्रंप प्रशासन ने भारत द्वारा रूस से तेल खरीदने के विरोध में यह अतिरिक्त शुल्क लगाया था, जिससे भारतीय उत्पादों पर कुल टैरिफ बढ़कर 50 प्रतिशत हो गया था.
हाल ही में एक साक्षात्कार में बेसेन्ट ने कहा कि भारत पर लगाया गया 25 प्रतिशत शुल्क बेहद सफल रहा है क्योंकि भारत ने अब रूसी तेल से दूरी बना ली है.
हालांकि, भारत सरकार की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. भारत लगातार यह कहता रहा है कि उसकी ऊर्जा नीति राष्ट्रीय हितों और अंतरराष्ट्रीय बाजार पर आधारित है.
यदि अमेरिका यह शुल्क हटाता है, तो इससे दोनों देशों के बीच व्यापारिक संबंधों में फिर से सुधार आने की उम्मीद है, जो उच्च टैरिफ के कारण प्रभावित हुए थे.