शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

बिजली पोल हटाते दो मजदूरों की मौत

H

Hupendra Sharma

23 अग. 2025, 08:31 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बिजली पोल
बिजली पोल

सूरजपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में पुराने बिजली पोल हटाते समय दो मजदूर करंट की चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं घर मालिक भी गंभीर रूप से घायल हो गया. उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के परिवारों को मुआवजा देने की मांग की है.


बताया गया कि झिलमिली थाना क्षेत्र के ग्राम केवरा में विपिन चंद जायसवाल के यहां भवन निर्माण का काम चल रहा था. जहां गांव के ही राम प्रसाद विश्वकर्मा और कल्लू नाम के मजदूर काम कर रहे थे.


इस बीच मकान मालिक विपिन चंद के साथ मिलकर दोनों मजदूर घर से लगे पुराने बिजली पोल को जीआई तार से बांधकर हटा रहे थे.


इसी बीच पास के खंभे से जुड़ी सर्विस लाइन का तार जीआई तार से टकरा गया. तार के टकराते ही तीनों करंट की चपेट में आ गए.


बताया गया कि इस दौरान सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया था. हादसे में दोनों मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि मकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया.


स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भैयाथान ले जाया गया. जहां उपचार जारी है. उसकी भी हालत चिंताजनक है. 


घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. जब तक मृतकों के परिजन भी वहां पहुंच गए. मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है. इस घटना से गांव में शोक का माहौल है. 


ग्रामीणों ने बताया कि डीआरएसएस योजना के तहत जिले में पुराने बिजली पोल और तारों को हटाकर केबल लगाया जा रहा है.


लेकिन केवरा गांव में तार निकालने के बाद भी पुराने पोल को हटाया नहीं गया है.


ग्रामीणों का आरोप है कि अगर बिजली विभाग समय पर कार्रवाई की होती, तो यह हादसा नहीं होता. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP