इंग्लैंड के खिलाफ T20 सीरीज के लिए टीम इंडिया में छत्तीसगढ़ की दो बेटियां, पलक और महक दिखाएंगी दम
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की दो होनहार खिलाड़ियों पलक सिंह और महक नरवासे को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज के लिए भारतीय महिला अंडर-19 टीम में शामिल किया गया है.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की महिला क्रिकेटर पलक सिंह और महक नरवासे का चयन इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली आगामी पांच मैचों की द्विपक्षीय टी20 सीरीज के लिए भारतीय महिला अंडर-19 टीम में किया गया है. यह सीरीज 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक वडोदरा और सूरत में खेली जाएगी. इन दोनों खिलाड़ियों का चयन छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ की उभरती महिला क्रिकेट प्रतिभाओं के लिए एक और बड़ी उपलब्धि है.
पलक एक मध्यम-तेज गेंदबाज हैं, जिन्हें उनकी रफ्तार और अनुशासित गेंदबाजी के लिए जाना जाता है. वहीं, महक एक गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं, जो बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए योगदान देती हैं. महक इससे पहले भारतीय अंडर-19 महिला टीम की उप-कप्तान भी रह चुकी हैं.
2025-26 के घरेलू सत्र में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करते हुए महक ने सीनियर महिला वनडे ट्रॉफी में 212 रन बनाए और 20 विकेट हासिल किए. इसके अलावा उन्होंने महिला अंडर-19 वनडे ट्रॉफी के चार मैचों में 67 रन बनाने के साथ आठ विकेट अपने नाम किए. महक ने महिला अंडर-23 टी20 ट्रॉफी में भी 53 रन और सात विकेट का योगदान दिया, जबकि महिला अंडर-19 टी20 ट्रॉफी के चार मैचों में पांच विकेट चटकाए.
दूसरी ओर, पलक ने पिछले सत्र के दौरान आठ मैचों में पांच विकेट लिए थे. उन्होंने पिछले साल महिला प्रीमियर लीग के दौरान आयोजित 'स्पीड क्वीन' प्रतियोगिता में 106 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंककर स्वर्ण पदक भी जीता था.
इस सीरीज के तहत वडोदरा में पहला टी20 मुकाबला 26 नवंबर को शाम 6 बजे और दूसरा मुकाबला 28 नवंबर को दोपहर 1 बजे खेला जाएगा. सीरीज के शेष मैच सूरत में आयोजित होंगे, जहां 1 दिसंबर और 3 दिसंबर को शाम 6 बजे से मुकाबले खेले जाएंगे, जबकि अंतिम मैच 6 दिसंबर को दोपहर 1 बजे शुरू होगा.