अपना जेट ईंधन खुद हासिल करें और अमेरिका से खरीदें- ट्रंप
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने हॉर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव के बीच जेट ईंधन की कमी का सामना कर रहे देशों को एक सख्त संदेश दिया है. ट्रम्प ने दो-टूक शब्दों में कहा कि जो देश ऊर्जा संकट से जूझ रहे हैं, वे या तो अमेरिका से आपूर्ति खरीदें या फिर अपनी सुरक्षा की जिम्मेदारी खुद उठाएं.
उन्होंने विशेष रूप से यूनाइटेड किंगडम जैसे सहयोगियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अब उन्हें अपने दम पर लड़ना सीखना होगा क्योंकि अमेरिका हमेशा मदद के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा.
राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया और अपने बयानों के माध्यम से स्पष्ट किया कि ईरान के संदर्भ में कठिन कार्य किया जा चुका है और अब अन्य देशों को 'देरी से ही सही, लेकिन साहस दिखाकर' अपना तेल और ईंधन खुद सुरक्षित करना चाहिए.
ट्रम्प का यह बयान अमेरिकी विदेश नीति में 'आत्मनिर्भरता' और ऊर्जा निर्यात को प्राथमिकता देने वाले एक बड़े बदलाव के रूप में देखा जा रहा है.