ईरान की धमकी पर ट्रंप का पलटवार: 'खबरदार, जो हमला किया तो मिटा देंगे'
वॉशिंगटन । डेस्क: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़े लहजे में चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि उसने अपने हमलों में कोई भी बढ़ोतरी की, तो अमेरिका उसका ऐसा जवाब देगा जो इतिहास में कभी नहीं देखा गया. ट्रंप की यह टिप्पणी उनके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर उस समय आई जब ईरान ने अपने सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या की पुष्टि के बाद अमेरिका और इजरायल को बड़े हमलों की धमकी दी थी.
ट्रंप ने लिखा कि ईरान आज अब तक का सबसे भीषण हमला करने की बात कर रहा है, लेकिन अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम उन पर उस ताकत से प्रहार करेंगे जो पहले कभी नहीं देखी गई.
दूसरी ओर, ईरान की संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बागेर कलीबाफ़ ने एक टेलीविज़न संबोधन में अमेरिका और इजरायल के नेताओं को "घिनौना अपराधी" बताते हुए कहा कि उन्हें इस्लामिक रिपब्लिक पर किए गए हमलों के लिए "विनाशकारी वार" का सामना करना पड़ेगा.
शनिवार को शुरू हुए हमलों के बाद कैमरे पर आने वाले सर्वोच्च ईरानी अधिकारी कलीबाफ़ ने कहा कि आपने हमारी 'रेड लाइन' पार कर ली है और अब इसकी कीमत चुकानी होगी. उन्होंने दावा किया कि ईरान ऐसा प्रहार करेगा कि दुश्मन खुद भीख मांगने पर मजबूर हो जाएंगे और देश खामेनेई के दिखाए रास्ते पर चलता रहेगा.