त्रिपुरा की छात्रा की उत्तराखंड में हत्या, विरोध में छात्र संगठनों का प्रदर्शन
अगरतला । डेस्क: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में त्रिपुरा की एक छात्रा, एंजेल चकमा की बेरहमी से पिटाई के बाद हुई मौत ने पूर्वोत्तर राज्यों में भारी आक्रोश पैदा कर दिया है. इस दुखद घटना के विरोध में त्रिपुरा चकमा स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने अगरतला में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है.
संगठन ने देश के विभिन्न हिस्सों में पूर्वोत्तर के छात्रों और युवाओं पर हो रहे लगातार हमलों पर गहरी चिंता व्यक्त की है.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से फोन पर बात की, जिसके बाद उन्हें इस मामले में निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन मिला है.
मुख्यमंत्री डॉ. साहा सोमवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सकते हैं. उत्तराखंड पुलिस ने अब तक इस हत्या के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि छठे की तलाश जारी है.
चकमा स्टूडेंट्स एसोसिएशन ने पूर्वोत्तर के लोगों के खिलाफ होने वाले नफरती अपराधों और अभद्र टिप्पणियों को रोकने के लिए सख्त कानून बनाने की अपील की है. अपनी मांगों को लेकर संगठन सोमवार शाम अगरतला में कैंडल मार्च निकालेगा और मंगलवार को मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपकर पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे और अपराधियों के लिए कड़ी सजा की मांग करेगा.
टिपरा मोथा के संस्थापक प्रद्योत किशोर माणिक्य ने भी इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए एंजेल चकमा के लिए न्याय की लड़ाई जारी रखने का संकल्प जताया है.