खाद की कालाबाजारी करने वालों को जेल भेजेंगे- कृषि मंत्री
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने मंगलवार को खाद की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि ऐसे लोगों के खिलाफ जेल भेजने जैसी कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान नेताम ने स्पष्ट किया कि खरीफ सीजन 2026 के लिए उर्वरकों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी.
उन्होंने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित होने की चिंताओं के बीच सरकार पूरी तरह सतर्क है और दूरदराज के इलाकों में खाद की प्री-स्टॉकिंग पर जोर दिया जा रहा है.
मंत्री ने अधिकारियों को नियमित और औचक निरीक्षण के निर्देश देते हुए कहा कि उर्वरकों की उपलब्धता में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
बैठक में उन्होंने किसानों को डीएपी (DAP) के विकल्पों जैसे एनपीके (NPK) और एसएसपी (SSP) के उपयोग के प्रति जागरूक करने तथा जैविक खेती को बढ़ावा देने की बात कही.
इसके अलावा, राज्य में 5 मई से 20 मई तक 'विकसित भारत संकल्प अभियान' चलाया जाएगा, जिसमें कृषि वैज्ञानिक गांवों का दौरा कर आधुनिक खेती का मार्गदर्शन देंगे.
मंत्री ने एग्रीस्टैक 'किसान आईडी' पंजीकरण को एक सप्ताह में पूरा करने और दलहन-तिलहन की खरीद में तेजी लाने के लिए मार्कफेड और नाफेड जैसी एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय के निर्देश भी दिए. मखाना, सिंघाड़ा और मछली पालन के जरिए किसानों की आय बढ़ाने के लिए भी कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है.