शादी की खुशियों में छाया मातम, दुल्हन ने की आत्महत्या
दुर्ग | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शादी से कुछ घंटे पहले ही होने वाली दुल्हन ने आत्महत्या कर ली. इस घटना से शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गई.
जहां से दुल्हन की डोली उठनी थी, वहां से अर्थी उठी. इस घटना से दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया है.
जानकारी के मुताबिक दो दिन पहले लड़की वाले शादी के लिए बलिया से भिलाई आए थे. क्योंकि दुल्हन पूजा साहनी की शादी भिलाई में तय हुई थी.
भिलाई के पावर हाउस में स्थित आधुनिक लॉज में पूरा परिवार रुक कर शादी की रस्म में लगा हुआ था.
आज यानी शुक्रवार को शादी होनी थी, लेकिन आज अचानक सुबह पूजा ने लॉज के बाथरूम में दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली.
परिवार वाले शादी की रस्म के लिए दुल्हन का इंतजार कर रहे थे. लेकिन काफी वक्त बीत जाने के बाद भी दुल्हन मंडप में नहीं पहुंची तो घर वालों ने तलाश शुरू की.
भवन में इधर-उधर तलाशने के बाद पूजा कहीं नजर नहीं आई तो परिजनों ने कमरे का दरवाजा खटखटाया. अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया.
अंदर जाकर देखा तो पूजा फांसी के फंदे पर झूल रही थी. इसे देख परिजनों में चीख-पुकार शुरू हो गई.
आवाज सुनकर लॉज स्टाफ और अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे.
कुछ देर पहले जहां हंसी-खुशी से कार्यक्रम चल रहा था, वहां अचानक से सन्नाटा पसर गया. इसकी जानकारी मिलते ही लड़के वाले भी सन्न रह गए.
घटना की सूचना मिलते ही छावनी थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
पुलिस ने बताया कि मौके से किसी भी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है.
पुलिस पूजा के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है और उसके परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है.