रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कश्मीर में पर्यटकों पर आतंकी हमला, छत्तीसगढ़ के कारोबारी की भी मौत

C

CG Khabar

22 अप्रै. 2025, 02:44 PM 3 मिनट में पढ़ें 4

पहलगाम आतंकी हमला
पहलगाम आतंकी हमला

अनंतनाग | डेस्कः जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग जिले के पहलगाम में पर्यटकों पर आतंकी हमले में 27 पर्यटकों की मौत हो गई है. मारे जाने वालों में रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया भी शामिल हैं, जो पत्नी और बच्चों के साथ छुट्टी मनाने गए थे.


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे आतंकवादी हमला बताया है और कहा है कि हमले के ज़िम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा. इधर राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने इसे हाल के वर्षों में आम नागरिकों को निशाना बनाते हुए किया गया बड़ा हमला बताया है.

विज्ञापन


पर्यटकों पर हमले के बाद मौके पर भारी सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है. सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया है और आतंकियों की तलाश के लिए अभियान चलाया जा रहा है.


जम्मू-कश्मीर की स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू ने संवाददाताओं को बताया कि अनंतनाग मेडिकल कॉलेज में कुछ घायलों को भर्ती कराया गया है.


मोदी ने की निंदा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, '' इस जघन्य घटना के पीछे जो लोग हैं उन्हें कड़ी सजा मिलेगी. उन्हें छोड़ा नहीं जाएगा.''


जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह ने इस घटना पर दुख जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ''मैं बिल्कुल स्तब्ध हूं. आगंतुकों पर ये हमला एक घिनौना काम है.''


उन्होंने आगे लिखा है, ''हताहतों की संख्या का अभी पता किया जा रहा है. इस वक़्त मैं इसके ब्यौरे में नहीं जा रहा हूं. स्थिति स्पष्ट होते ही आधिकारिक तौर पर इसकी घोषणा कर दी जाएगी. कहने की ज़रूरत नहीं है कि हाल के दिनों में नागरिकों पर जो हमले हुए उनमें ये सबसे बड़ा हमला है.''


लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस घटना की निंदा करते हुए एक्स पर लिखा, ''जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में पर्यटकों के मारे जाने और कई लोगों के घायल होने की ख़बर बेहद निंदनीय और दिल दहलाने वाली है.''


गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि जो भी इस घटना का जिम्मेदार है उसे छोड़ा नहीं जाएगा और उन्हें पूरी ताक़त के साथ जवाब दिया जाएगा.


शाह ने कहा है कि "इस घटना के बारे में प्रधानमंत्री मोदी को जानकारी दी है और संबंधित अधिकारियों के साथ उनकी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मीटिंग हुई है."


जम्मू-कश्मीर के लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा है कि हमलावरों को छोड़ा नहीं जाएगा.


मुख्यमंत्री साय ने जताया शोक


छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने रायपुर के कारोबारी दिनेश मिरानिया की इस हमले में हुई मौत पर शोक जताया है.


साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी पोस्ट में कहा- जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में कायर आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया है. हमले में मारे गए पर्यटकों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.


मुख्यमंत्री साय ने लिखा कि आतंकियों के नापाक इरादे कभी सफल नहीं होंगे. सुरक्षाबल इसका मुंहतोड़ जवाब देंगे.


पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा कि कश्मीर के पहलगाम में पर्यटकों पर हुआ आतंकी हमला दुखद है, कायराना है. इस हमले में अब तक 30 से अधिक लोगों के हताहत होने की खबर मीडिया के माध्यम से आ रही है. रायपुर से घूमने गए मिरानिया परिवार के सदस्य को भी गोली लगी है. हम सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं. दिवंगतों की आत्मा को ईश्वर शांति प्रदान करें. इस कायराना हमले के खिलाफ पूरा देश एकजुट है. हमारे जवान करारा जवाब देंगे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP