तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय का आज पहला फ्लोर टेस्ट
चेन्नई । डेस्क: तमिलनाडु की राजनीति में दशकों पुराने डीएमके-एआईएडीएमके के दबदबे को खत्म कर सत्ता में आए अभिनेता से नेता बने विजय बुधवार को विधानसभा में अपना पहला फ्लोर टेस्ट यानी विश्वास मत का सामना करेंगे. 2026 के विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी टीवीके (TVK) 108 सीटें जीतकर सबसे बड़े दल के रूप में उभरी थी, जो बहुमत के आंकड़े से 11 सीटें कम थी. बहुमत जुटाने के लिए विजय ने कांग्रेस (5), आईयूएमएल (2), सीपीआई (2), सीपीआई (एम) (2) और वीसीके (2) के साथ गठबंधन किया है, जिससे सत्ताधारी गठबंधन की संख्या 120 पहुंच गई है.
फ्लोर टेस्ट से ठीक पहले मद्रास उच्च न्यायालय ने तिरुपत्तूर से टीवीके विधायक आर. श्रीनिवास सेतुपति के मतदान करने पर रोक लगा दी है, जिससे गठबंधन की प्रभावी संख्या 119 रह गई है.
हालांकि, यह अभी भी 234 सदस्यीय सदन में बहुमत के लिए जरूरी 118 के आंकड़े से एक अधिक है. इस बीच, एआईएडीएमके के भीतर बड़ी बगावत देखने को मिल रही है, जहाँ सीवी शनमुगम और एसपी वेलुमणि के नेतृत्व में लगभग 30 विधायकों ने विजय सरकार को समर्थन देने का ऐलान किया है.
दूसरी ओर, एआईएडीएमके के आधिकारिक गुट ने व्हिप जारी कर सभी 47 विधायकों को विश्वास मत के खिलाफ वोट करने का निर्देश दिया है.
इसके साथ ही एएमएमके ने टीवीके पर अपने विधायक एस. कामराज का समर्थन जुटाने के लिए फर्जी लेटर और एआई-जनरेटेड वीडियो के इस्तेमाल का आरोप लगाया है, जिससे राजनीतिक पारा और चढ़ गया है. फिलहाल, आंकड़ों के गणित को देखते हुए मुख्यमंत्री विजय की स्थिति मजबूत नजर आ रही है.