शुक्र, 16 अक्टू. 2026

CGKhabar

टामन सिंह सोनवानी की जेल में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में लगाया गया पेसमेकर

C

CG Khabar

26 अग. 2026, 02:23 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

टामन सिंह सोनवानी
टामन सिंह सोनवानी

रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (CGPSC) भर्ती घोटाले में न्यायिक हिरासत के तहत जेल में बंद राज्य के पूर्व पीएससी अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी टामन सिंह सोनवानी को स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या के बाद रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. दिल की धड़कन खतरनाक स्तर तक कम होने (ब्रेडीकार्डिया) के कारण डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए एडवांस कार्डियक इंस्टीट्यूट में करीब 24 घंटे तक गहन निगरानी में रखा. 


संभावित हृदयघात के जोखिम को टालने के लिए विशेषज्ञों की टीम ने उनके शरीर में पेसमेकर लगाया है. कार्डियोलॉजिस्ट की देखरेख में इलाज के बाद अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और वह पिछले एक हफ्ते से अस्पताल में ही भर्ती हैं.


उल्लेखनीय है कि टामन सिंह सोनवानी पर अपने कार्यकाल के दौरान आयोग की परीक्षाओं और चयन प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली और भ्रष्टाचार करने के गंभीर आरोप हैं. 


सीबीआई की जांच में यह बात सामने आई है कि उन्होंने नियमों को दरकिनार कर अपने करीबी रिश्तेदारों, तत्कालीन सत्ताधारी दल के नेताओं और अन्य उच्च अधिकारियों के करीब 18 परिजनों को डिप्टी कलेक्टर व डीएसपी जैसे प्रमुख पदों पर चयनित कराया. 


जांच एजेंसियों ने इन नियुक्तियों के बदले किए गए अवैध लेन-देन से जुड़े कई अहम सबूत हासिल किए हैं. केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा गिरफ्तार किए जाने के बाद से ही वह जेल में हैं, जबकि मामले में धनशोधन के पहलुओं की पड़ताल प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP