सूरजपुर: हाथियों के उत्पात से त्रस्त सैकड़ों ग्रामीणों ने 11 नंबर चौक पर लगाया जाम, दी उग्र आंदोलन की चेतावनी
प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों के बढ़ते हमले और स्थानीय समस्याओं से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों ने किसान नेता शिवभजन सिंह मरावी की अगुआई में 11 नंबर चौक पर घंटों चक्काजाम किया. चार सूत्री मांगों को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपते हुए ग्रामीणों ने जल्द समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है.
सूरजपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा के सूरजपुर जिले के प्रतापपुर में शासन और प्रशासन की उपेक्षा से नाराज सैकड़ों ग्रामीणों व किसानों ने 11 नंबर चौक पर एकत्र होकर जोरदार प्रदर्शन किया. किसान नेता शिवभजन सिंह मरावी के नेतृत्व में हुए इस आंदोलन के दौरान ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए घंटों तक चक्काजाम रखा, जिससे प्रमुख सड़क पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया. कई घंटों तक चले इस विरोध प्रदर्शन के बाद आंदोलनकारियों ने तहसीलदार को राज्यपाल और शासन के नाम चार सूत्री ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं के शीघ्र निराकरण की अपील की.
साथ ही, ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि इन जनसमस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे.
प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का मुख्य आक्रोश प्रतापपुर वन परिक्षेत्र में लगातार बढ़ रहे जंगली हाथियों के हमले को लेकर था. हाथियों के उत्पात के कारण जहां निर्दोष ग्रामीण अपनी जान गंवा रहे हैं, वहीं किसानों की खड़ी फसलें भी नष्ट हो रही हैं. ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से सुरक्षा की गुहार लगाने के बावजूद शासन की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है. सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम न होने के कारण पूरा इलाका भय के माहौल में जीने को मजबूर है.
हाथियों के आतंक से सुरक्षा के अलावा ग्रामीणों ने ज्ञापन के माध्यम से तीन अन्य गंभीर स्थानीय मुद्दों पर भी प्रशासन का ध्यान खींचा. उन्होंने गरीब परिवारों के राशन में हो रही कटौती पर तत्काल रोक लगाने, किसानों के धान के पंजीकृत रकबे की त्रुटियों को सुधारने और बढ़ते बिजली बिलों पर अंकुश लगाने की मांग उठाई. ग्रामीणों का मानना है कि इन समस्याओं के चलते आम लोगों पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिस पर तत्काल उचित कार्रवाई आवश्यक है.