सुकमा में CRPF को जंगलों में मिला नक्सलियों का विस्फोटक डंप, 79 जिलेटिन स्टिक बरामद
सुकमा जिले के भेज्जी में सुरक्षा बलों को मिली बड़ी सफलता, जंगलों में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का विस्फोटक डंप CRPF ने किया जब्त.
सुकमा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. CRPF की 219वीं बटालियन की सी-कंपनी ने भेज्जी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोसलमुडगु के बाहरी जंगलों से नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में विस्फोटक और अन्य सामान का डंप बरामद किया है.
सुरक्षा बलों को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने इलाके में भारी मात्रा में सामग्री छिपा रखी है, जिसके तुरंत बाद इलाके में सघन सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया गया.
तलाशी अभियान के दौरान के-9 डॉग स्क्वॉड और डीएसएमडी (Deep Search Metal Detector) की मदद से जंगलों की गहनता से जांच की गई. इसी बीच जवानों को एक नीला कंटेनर छिपा मिला, जिसकी जांच करने पर बम निरोधक दस्ते की मौजूदगी में सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए उसे सुरक्षित तरीके से खोला गया. कंटेनर के भीतर से 79 जिलेटिन स्टिक, पीले और हरे रंग के इलेक्ट्रिक वायर के कई बंडल बरामद किए गए.
विस्फोटकों के अलावा डंप से नक्सलियों की कॉम्बैट बेल्ट, काले कपड़े के बंडल, पेन, कैलकुलेटर और एक पॉकेट डायरी भी जब्त की गई है. सामग्री की सुरक्षित बरामदगी के बाद जवानों ने आसपास के पूरे इलाके में व्यापक कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया, ताकि अन्य संभावित डंप का पता लगाया जा सके. अभियान सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद सभी जवान जब्त सामग्री के साथ भेज्जी कैंप सुरक्षित वापस लौट आए हैं.