सरगुजा: युवक की हत्या कर डबरी में फेंकी लाश, आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में उदयपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम पोतका में एक युवक ने अपने ही मित्र की बेरहमी से हत्या कर दी और साक्ष्य मिटाने की नीयत से शव को पास की ही एक कीचड़ से लदी डबरी में फेंक दिया.
मृतक की पहचान हनुमानगढ़ निवासी शीतल के रूप में हुई है. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई.
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए डबरी का पानी खाली करवाया, जिसके बाद कीचड़ के बीच से शव को बरामद किया जा सका.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह वारदात रविवार रात की बताई जा रही है. आरोपी और मृतक के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था, जो इतना बढ़ा कि आरोपी ने शीतल की जान ले ली.
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी शिशिर कांत सिंह दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पंचनामा की कार्यवाही पूरी की.
पुलिस ने संदिग्ध आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जिससे कड़ी पूछताछ की जा रही है.