रोनाल्डो ने नॉकआउट मैच से पहले फैंस से मांगी मदद
नई दिल्ली । डेस्क: पुर्तगाल के स्टार फुटबॉलर क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने आगामी नॉकआउट मैच से पहले अपने प्रशंसकों से एक बेहद खास अपील की है. विश्व कप के राउंड ऑफ 32 में शुक्रवार तड़के पुर्तगाल का सामना मजबूत क्रोएशिया से होने जा रहा है. इस अहम मुकाबले से ठीक पहले कप्तान रोनाल्डो ने सोशल मीडिया के जरिए फैंस के नाम पांच शब्दों का एक संदेश साझा किया है.
रोनाल्डो ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर पुर्तगाली समर्थकों की कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिनमें फैंस से खचाखच भरा स्टेडियम नजर आ रहा है. इस पोस्ट के कैप्शन में रोनाल्डो ने लिखा, "मेक अस फील एट होम" (हमें ऐसा महसूस कराएं जैसे हम अपने घरेलू मैदान पर खेल रहे हैं). उनके इस पोस्ट से साफ है कि वह क्रोएशिया के खिलाफ मैच में स्टेडियम को पुर्तगाली फैंस से भरा हुआ देखना चाहते हैं ताकि टीम का हौसला बढ़ सके.
फुटबॉल जैसे टीम गेम में प्रशंसकों का समर्थन खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होता है. मैदान पर कई बार ऐसे नाजुक मोड़ आते हैं जब फैंस का शोर खिलाड़ियों में नया जोश फूंक देता है.
अमेरिकी स्टेडियमों में गैलरी और मैदान की दूरी कम होने के कारण दर्शकों की आवाज खिलाड़ियों को और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करती है, और रोनाल्डो इसी माहौल की उम्मीद कर रहे हैं.
मौजूदा विश्व कप में पुर्तगाल का प्रदर्शन अब तक उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है. टीम को कांगो के खिलाफ ड्रॉ से संतोष करना पड़ा था, जबकि कोलंबिया के खिलाफ मैच में वे किसी तरह हार से बचे. हालांकि, उज्बेकिस्तान पर उन्होंने पांच गोल की बड़ी जीत दर्ज की थी, लेकिन खराब नेट रन रेट और अंकों के गणित के कारण पुर्तगाल अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहा.
यही वजह है कि अब राउंड ऑफ 32 में उनके सामने क्रोएशिया जैसी अनुशासित टीम की कड़ी चुनौती है.
क्रोएशिया की टीम भले ही इस समय अपने पुराने चरम पर न हो, लेकिन उनका बेहतरीन टीम वर्क किसी भी प्रतिद्वंदी को मुश्किल में डाल सकता है.
रोनाल्डो अच्छी तरह जानते हैं कि क्रोएशिया को हराना आसान नहीं होगा, खासकर अगर मुकाबला टाईब्रेकर (पेनल्टी शूटआउट) तक खिंच गया तो पुर्तगाल पर दबाव काफी बढ़ जाएगा.
पुर्तगाल की टीम के साथ-साथ खुद रोनाल्डो भी इस समय अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नजर नहीं आ रहे हैं. कांगो और कोलंबिया के खिलाफ मैचों में वे काफी शांत दिखे.
उज्बेकिस्तान के खिलाफ उन्होंने जरूर दो गोल दागे, लेकिन मैदान पर उनकी वह पुरानी रफ्तार और फिनिशिंग अब भी गायब दिख रही है, जहां वह आसान मौके भी गंवा रहे हैं.
इसके बावजूद, क्रोएशिया के खिलाफ इस करो या मरो के मुकाबले में पुर्तगाल की उम्मीदें अपने स्टार कप्तान पर टिकी हैं, और रोनाल्डो को पूरा भरोसा अपने देश के प्रशंसकों के अटूट समर्थन पर है.