झारखंड में सड़क हादसा: छत्तीसगढ़ के एक ही परिवार के 3 की मौत, 2 गंभीर
रांची । डेस्क: झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में मंगलवार दोपहर हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के कुदापी डाउन के पास गलत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने सामने से आ रही कार को जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण भिड़ंत में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव निवासी एक ही परिवार की तीन महिला सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. इस भयावह दुर्घटना में नौ महीने का एक मासूम बच्चा चमत्कारिक रूप से पूरी तरह सुरक्षित बच गया.
हादसे की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला. मृतकों की पहचान अमृत कौर (45), अमनदीप कौर (15) और गुर सिमरन कौर (11) के रूप में हुई है.
वहीं गंभीर रूप से घायल 57 वर्षीय प्रदीप सिंह और 6 वर्षीय हरमन कौर को प्राथमिक उपचार के बाद जमशेदपुर के टाटा मेन अस्पताल (TMH) में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, परिवार मंगलवार सुबह राजनांदगांव से कार द्वारा जमशेदपुर के लिए निकला था. यात्रा के दौरान गलत दिशा से आ रहे ट्रक ने कार को सामने से टक्कर मार दी, जिससे कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया.
घटना के तुरंत बाद आरोपी ट्रक ड्राइवर वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर फरार चालक की तलाश में मामला दर्ज कर लिया है.