पूर्वोत्तर में बारिश व भूस्खलन से तबाही, 14 की मौत
पूर्वोत्तर में बारिश व भूस्खलन से जान माल का नुकसान
गुवाहाटी | डेस्कः देश में समय से पहले पहुंचे मानसून ने पूर्वोत्तर के राज्यों में तबाही मचा दी है. भारी बारिश के चलते बाढ़ व भूस्खलन जैसे हालात बन रहे हैं. बीते तीन दिनों में पूर्वोत्तर के मणिपुर, मिजोरम, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा में लगातार भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ में 14 लोगों की मौत हो चुकी है.
जबकि 12 हजार से ज्यादा परिवार प्रभावित हुए हैं. इन राज्यों में घर गिरने से बड़ी संख्या में लोग बेघर हुए हैं. नदियां उफान पर हैं. मौसम विभाग ने सभी राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है.
राहत व बचाव अभियान जारी है. मृतकों की संख्या बढ़ने की शंका भी जताई जा रही है.
बीते तीन दिनों में पूर्वोत्तर के मणिपुर, मिजोरम, असम, अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा में भारी बारिश, भूस्खलन और बाढ़ बड़ी तबाही मचाई है. जगह-जगह घर गिर गए हैं. बाढ़ के चलते हजारों लोग प्रभावित हुए हैं.
अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट कामेंग जिले में बाना-सेप्पा रोड पर हुई एक भूस्खलन की घटना में दो परिवारों के सात लोगों की मौत हो गई . जबकि प्रदेश के जीरो कस्बे में शुक्रवार देर रात हुई भूस्खलन की एक अन्य घटना में दो और लोगों की मौत हो गई है.
जानकारी के मुताबिक ईस्ट कोमांग जिले से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 13 पर लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक सफेद मारुति फ्रॉन्क्स कार बह गई.
बताया जा रहा है कि भूस्खलन के कारण वाहन अचानक सड़क से नीचे उतर गया था, जिससे वह गहरी खाई में गिर गया. वाहन में सात लोग सवार थे, लेकिन वह लापता थे. बचाव टीम ने लगातार बचाव अभियान चलाया और 31 मई की सुबह स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कई घंटों की खोज के बाद वाहन और मृत सभी लोगों को खोज लिया गया.
पुलिस के अनुसार मरने वाले सभी लोगों की शिनाख्त कर ली गई है. मृतकों में 4 छोटे बच्चों समेत दो महिलाएं शामिल है. यह सभी लोग अरुणाचल प्रदेश के बिचोम जिले के बाना के किटचांग गांव के रहने वाले थे.
राज्य के जीरो कस्बे में हुए भूस्खलन की जानकारी देते हुए डिप्टी एसपी ओजिंग लेगो ने कहा कि भूस्खलन की यह घटना शहर के कैबेज गार्डन क्षेत्र में हुई है.
राज्य आपदा टीम और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस ने तुरंत खोज और बचाव अभियान शुरू कर दिया था लेकिन दो लोगों की मिट्टी में दबने से मौत हो गई है.
असम में 5 की मौत
असम में 5 लोगों की मौत असम के कामरूप मेट्रोपोलिटन जिले में भूस्खलन से पांच लोगों की मौत होने की जानकारी मिली है. लगातार बारिश के बाद गुवाहाटी के बोंडा इलाके के पास हुए भूस्खलन में मरने वाले लोगों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं.
इस घटना की पुष्टि करते हुए शहरी मामलों के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने कहा है कि बाढ़ से कामरूप, कछार, धेमाजी, लखीमपुर और गोलाघाट सहित छह जिलों में 10 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं, जहां दो राहत शिविर और एक वितरण केंद्र स्थापित किया गया है."
असम, अरुणाचल प्रदेश और मेघालय में सरकार ने भारी बारिश और तेज़ हवाओं के कारण कई जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है. मणुपुर, त्रिपुरा में भी भारी बारिश के चलते नदियां उफान पर हैं.
गुरुवार की रात से लगातार हो रही बारिश के बाद गुवाहाटी में भारी जलजमाव हुआ है, जिसके चलते स्कूलों को बंद करना पड़ा है और सरकारी कर्मचारियों को विशेष छुट्टी देनी पड़ी है.
बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को सुरक्षित ठिकानों में शरण लेनी पड़ रही है.