राहुल ने साधा मोदी पर निशाना
अहमदाबाद | डेस्क: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि अमेरिका की ओर से भारत पर लगाए गए रेसिप्रोकल टैरिफ़ पर नरेंद्र मोदी चुप हैं.
कांग्रेस पार्टी के दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन में राहुल गांधी ने कहा, "जब पहले नरेंद्र मोदी अमेरिका गए तो गले लगे थे, लेकिन इस बार वो तस्वीर कहां गायब हो गई?... अमेरिका के राष्ट्रपति ट्रंप ने आदेश दिया कि इस बार गले नहीं लगेंगे, अब नए टैरिफ लगाएंगे, लेकिन मुंह से आवाज तक नहीं निकली."
राहुल गांधी ने कहा, "मगर सच्चाई है कि आर्थिक तूफान आने वाला है. करोड़ों लोगों को नुकसान होगा.कहां गए नरेंद्र मोदी, कहां छिप गए हैं?"
राहुल गांधी ने कहा- "बांग्लादेश के नेता भारत के खिलाफ बयान दे रहे हैं. भारत के प्रधानमंत्री वहां के नेता से मिले. उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला. कहां गई 56 इंच की छाती?"
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि कुछ दिन पहले बीजेपी ने लोकसभा में वक्फ संशोधन बिल पास किया. यह फ्रीडम ऑफ रिलीजन, संविधान पर आक्रमण है. आरएसएस के मुखपत्र ऑर्गनाइजर में लिखते हैं कि क्रिश्चियंस पर आक्रमण करने जा रहे हैं. ये एंटी-रिलीजन बिल है. ये देश के सभी लोगों को मालूम होना चाहिए.
राजस्थान में एक दलित नेता के मंदिर जाने पर मंदिर को धुलवाने को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी दलितों को मंदिर में नहीं जाने देती है, और अगर कोई चला जाए तो वे मंदिर को धुलवाते हैं – ये हमारा धर्म नहीं है. हमारा धर्म वो है जो सबको इज़्ज़त देता है, हर व्यक्ति का आदर करता है. कांग्रेस और बीजेपी में यही फर्क है – हमारे दिलों में सबके लिए मोहब्बत और इज़्ज़त है, जबकि उनके दिलों में सिर्फ नफ़रत.