राहुल और खड़गे ने VB-G RAM G को बताया 'दूसरी नोटबंदी'
नई दिल्ली । डेस्क: लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शनिवार को केंद्र की भाजपा नीत एनडीए सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 'VB-G RAM G' अधिनियम को मनरेगा (MGNREGA) पर सीधा हमला करार दिया. राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर मनरेगा को "एकतरफा" तरीके से खत्म करने का आरोप लगाते हुए इसकी तुलना 2016 की नोटबंदी से की.
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में राहुल गांधी ने कहा कि बिना किसी अध्ययन, कैबिनेट की मंजूरी या राज्यों से सलाह लिए 20 साल पुरानी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना को बदलना गरीबों और भारत के संघीय ढांचे पर प्रहार है.
उन्होंने घोषणा की कि कांग्रेस इस कदम के विरोध में 5 जनवरी से देशव्यापी 'मनरेगा बचाओ अभियान' शुरू करेगी.
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कांग्रेस कार्य समिति की बैठक में कहा कि इस कानून को निरस्त करना महात्मा गांधी का अपमान और 'काम के अधिकार' पर हमला है.
खड़गे ने किसान आंदोलन और भूमि अधिग्रहण कानून का उदाहरण देते हुए कार्यकर्ताओं से सरकार को यह फैसला वापस लेने पर मजबूर करने का आह्वान किया.
इसके अलावा, खड़गे ने मतदाता सूची में सुधार की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए और इसे दलितों, आदिवासियों और अल्पसंख्यकों के नाम हटाने की एक "साजिश" बताया. बैठक में बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले और भारत में क्रिसमस समारोहों को निशाना बनाए जाने की घटनाओं की भी निंदा की गई.
इस उच्च स्तरीय बैठक में सोनिया गांधी और तेलंगाना व हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्रियों समेत कई दिग्गज नेता शामिल हुए.