कतर: गैस फील्ड धमाके में 12 भारतीयों की मौत
नई दिल्ली । डेस्क: कतर के रास लफान औद्योगिक शहर में स्थित बारजान स्थानीय गैस आपूर्ति सुविधा में हुए भीषण विस्फोट 12 भारतीय नागरिकों की दर्दनाक मौत हो गई है. यह संयंत्र कतरएनर्जी एलएनजी (QatarEnergy LNG) द्वारा संचालित किया जाता है. इस हादसे में विभिन्न देशों के लगभग 66 लोग घायल भी हुए हैं, जिनमें कुछ भारतीय नागरिक भी शामिल हैं.
विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भारत सरकार मृतकों की पहचान करने और उनके पार्थिव शरीरों को जल्द से जल्द स्वदेश वापस लाने के लिए कतर के स्थानीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में है.
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अपने साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग के दौरान इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे 'बेहद दुर्भाग्यपूर्ण' बताया. उन्होंने कहा कि सभी घायल सुरक्षित हैं और उनका उचित इलाज चल रहा है, हालांकि घायलों में कुल कितने भारतीय हैं, इसकी सटीक संख्या का अभी पता लगाया जा रहा है.
दोहा में भारतीय दूतावास भी कतर के प्रशासन के साथ मिलकर पीड़ितों और उनके परिवारों को हर संभव सहायता पहुंचाने में जुटा है.
कतर के ऊर्जा मंत्री साद बिन शरीदा अल-काबी के अनुसार, इस हादसे में कुल 13 लोगों की जान गई है, जो भारत और पाकिस्तान के मूल निवासी थे.
वहीं, घायलों में कतर, भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश, केन्या, घाना, तंजानिया, नाइजीरिया और नेपाल के नागरिक शामिल हैं. भारत सरकार ने प्रभावित परिवारों के साथ संपर्क साधकर उन्हें ढाढस बंधाया है और दूतावास शवों को शीघ्र अति शीघ्र भारत भेजने की प्रक्रिया को पूरा करने में लगा है.