रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

पंजाब: ग्रामीण की खुदकुशी के बाद राहुल ने मांगा वित्त मंत्री का इस्तीफा

C

CG Khabar

09 सित. 2026, 06:21 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

राहुल गांधी
राहुल गांधी

नई दिल्ली । डेस्क: पंजाब में नशे के कारोबार पर सवाल उठाने वाले एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद राज्य में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा के तत्काल इस्तीफे और मामले की स्वतंत्र व निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है.


यह विवाद संगरूर जिले के दिड़बा निवासी 47 वर्षीय दलित मजदूर गुलजार सिंह की मौत के बाद पैदा हुआ है. परिजनों के अनुसार, 6 सितंबर को दिड़बा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गुलजार सिंह ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से इलाके में खुलेआम बिक रहे नशे ('चिट्टा') और इसे रोकने में सरकार की नाकामी को लेकर सवाल पूछा था. 

विज्ञापन


आरोप है कि सार्वजनिक रूप से सवाल पूछने के बाद उन पर माफी मांगने का भारी दबाव बनाया गया, प्रताड़ित किया गया और मानसिक रूप से अपमानित किया गया. इससे व्यथित होकर उन्होंने सोमवार को कथित तौर पर ज़हर खा लिया, जिसके बाद लुधियाना के अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.


सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर राहुल गांधी ने इस घटना को लेकर पंजाब सरकार को आड़े हाथों लिया. उन्होंने कहा कि पंजाब की आप सरकार के तहत एक खतरनाक परिपाटी देखने को मिल रही है, जहाँ सरकार की विफलताओं पर सवाल उठाने वालों को धमकियों और प्रताड़ना का सामना करना पड़ता है. 


राहुल गांधी ने लिखा कि अपने बेटे को नशे की गिरफ्त में जाते देख चुके एक दलित व्यक्ति ने सिर्फ इतना ही पूछा था कि सरकार नशे की तस्करी रोकने में नाकाम क्यों रही, लेकिन इसके बदले उन्हें जान गंवानी पड़ी.


राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया कि गुलजार सिंह को सही समय पर उचित इलाज नहीं मिला और उन्हें एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल भटकना पड़ा. इसके साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर पुलिस हिरासत में प्रताड़ित किए गए युवा मोहनजीत सिंह का भी जिक्र किया.


इस मामले में पुलिस ने परिजनों की शिकायत और सामने आए एक कथित वीडियो के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. मौत से पहले के वायरल वीडियो में गुलजार सिंह ने आप सरकार पर सवाल उठाने और अपने बेटे के नशे का शिकार होने की बात कही थी.


पंजाब में आगामी चुनावों से पहले इस घटना ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है. कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल सहित सभी प्रमुख विपक्षी दलों ने पंजाब सरकार को घेरते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान और वित्त मंत्री हरपाल चीमा के इस्तीफे की मांग तेज कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP