पुणे मर्डर मिस्ट्री: मंगेतर ने प्रेमी के साथ मिलकर रची थी हत्या की साजिश
पुणे । डेस्क: पुणे के ऐतिहासिक लोहगढ़ किले में बीती 18 जून को हुई 26 वर्षीय बिजनेसमैन केतन अग्रवाल की मौत की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है. जिसे पहले एक दर्दनाक ट्रेकिंग हादसा माना जा रहा था, वह असल में एक सोची-समझी हत्या की साजिश निकली.
पुलिस ने इस मामले में केतन की 20 वर्षीय मंगेतर सिया गोयल और उसके 22 वर्षीय प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है. दोनों को मावल तालुका की एक अदालत ने 29 जून तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है.
इस हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री का खुलासा करने में 33 डिग्री सेल्सियस की भीषण गर्मी में पहनी गई एक 'हुडी' और सीसीटीवी फुटेज ने सबसे अहम भूमिका निभाई. पुलिस जांच के दौरान जब किले के टिकट काउंटर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तो केतन और सिया के पीछे एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया.
करीब 33 डिग्री तापमान होने के बावजूद उस युवक ने हाफ पैंट के साथ हुडी पहनी हुई थी और हुडी के ऊपर हेडसेट लगाया हुआ था, जिससे उसका चेहरा छुपा हुआ था. इस अजीब पहनावे और उसकी संदिग्ध गतिविधियों ने पुलिस का ध्यान खींचा.
तकनीकी जांच और सोशल मीडिया प्रोफाइल के मिलान के बाद इस हुडी वाले शख्स की पहचान सिया के प्रेमी चेतन चौधरी के रूप में हुई.
जांच में सामने आया है कि केतन और सिया की सगाई इसी साल फरवरी में हुई थी और नवंबर में उदयपुर के एक महल में उनकी भव्य शादी होने वाली थी. हालांकि, सिया इस शादी से खुश नहीं थी और वह चेतन के साथ रिश्ते में थी. बदनामी के डर से उसने भागने के बजाय केतन को रास्ते से हटाने का फैसला किया.
पुलिस के मुताबिक, सिया ने केतन की हत्या के लिए कई बार जाल बुना था. इससे पहले दोनों का बाली में प्री-वेडिंग फोटोशूट होना था, लेकिन केतन का पासपोर्ट रहस्यमय तरीके से गायब हो जाने के कारण वह ट्रिप रद्द हो गई.
इसके बाद सिया ने बार-बार केतन को लोहगढ़ किला चलने के लिए मजबूर किया. 14 जून को भी उसने केतन को पहाड़ी से गिराने की कोशिश की थी, लेकिन तब केतन एक झाड़ी के सहारे बच गया था और सिया ने सांप का बहाना बनाकर बात टाल दी थी.
आखिरकार 18 जून को सिया और चेतन अपने मंसूबों में कामयाब रहे और उन्होंने केतन को गहरी खाई में धकेल दिया. पुलिस ने कॉल डेटा रिकॉर्ड की मदद से दोनों के बीच हुई लंबी बातचीत और इस पूरी साजिश का पर्दाफाश किया.