कमर्शियल LPG सिलेंडरों के दाम में 200 रुपये की कटौती
नई दिल्ली । डेस्क: देशभर में व्यवसाय चलाने वाले छोटे-बड़े कारोबारियों को शनिवार को बड़ी राहत मिली है. तेल विपणन कंपनियों ने 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कीमतों में 200 रुपये से अधिक की भारी कटौती की घोषणा की है. लगातार दूसरे महीने हुई इस राहत के बाद अब दिल्ली में 19-किलोग्राम वाला कमर्शियल सिलिंडर 2,738 रुपये में मिलेगा, जिसकी कीमत पहले 2,930 रुपये थी.
वहीं, कोलकाता में यह 209 रुपये की कटौती के साथ 2,872.50 रुपये का हो गया है. इसके साथ ही 5-किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलिंडर के दाम भी घटाकर 762 रुपये कर दिए गए हैं.
हालांकि, हवाई सफर करने वालों के लिए खबर थोड़ी महंगी साबित हो सकती है, क्योंकि विमान ईंधन यानी एटीएफ (Aviation Turbine Fuel) की कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है. इसके बाद दिल्ली में एटीएफ के दाम 115 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गए हैं.
घरेलू उपभोक्ताओं और वाहन चालकों को नहीं मिली राहत
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेंचमार्क कीमतों और विदेशी मुद्रा विनिमय दर में हुए बदलावों के कारण कमर्शियल एलपीजी सस्ता हुआ है, लेकिन 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडरों और पेट्रोल-डीजल के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. दिल्ली में घरेलू एलपीजी सिलिंडर अभी भी 942 रुपये की दर पर ही मिलेगा.
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC) के अध्यक्ष ए.एस. साहनी के अनुसार, खुदरा दरें लागत से कम होने के कारण कंपनी को प्रत्येक 14.2-किलोग्राम घरेलू सिलिंडर पर 503 रुपये का घाटा (अंडर-रिकवरी) उठाना पड़ रहा है.
कारोबारियों ने जताई खुशी, और राहत की उम्मीद
इस फैसले का सबसे बड़ा फायदा रेस्तरां, चाय की दुकानों, ढाबों और स्ट्रीट फूड वेंडरों को मिलेगा. दिल्ली और बंगाल और छत्तीसगढ़ के कई छोटे दुकानदारों और चाय विक्रेताओं ने इस फैसले का स्वागत किया है. दुकानदारों का कहना है कि सिलिंडर सस्ता होने से उनकी लागत में कमी आएगी और वे इसका लाभ सीधे अपने ग्राहकों को दे सकेंगे.
चाय विक्रेताओं का कहना है कि सिलेंडर महंगा होने पर उन्होंने चाय के दाम बढ़ाकर 15 रुपये कर दिए थे, लेकिन अब दाम घटने से वे इसे दोबारा घटाकर 12 रुपये प्रति कप करने पर विचार कर रहे हैं. हालांकि, कई विक्रेताओं ने सरकार से कीमतों में और कटौती करने की अपील की है.