शुक्र, 13 नव. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में धान की जगह दूसरी फसल पर ₹15,000 प्रति एकड़ मिलेंगे

अब शेयर बाजार में लिस्ट होगी पावर ट्रांसमिशन कंपनी

C

CG Khabar

09 जून 2026, 02:09 PM 4 मिनट में पढ़ें 16

सीएम साय
सीएम साय

रायपुर । संवाददाता: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंगलवार मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित कैबिनेट की बैठक में राज्य के विकास और किसानों के हित में कई दूरगामी और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. इस बैठक में प्रदेश की वित्तीय क्षमता को मजबूत करने से लेकर कृषि विविधीकरण और नगरीय परिवहन को आधुनिक बनाने के प्रस्तावों को हरी झंडी दी गई. कैबिनेट में लिए गए सभी 7 प्रमुख निर्णय इस प्रकार हैं:


पावर ट्रांसमिशन कंपनी का आएगा IPO


छत्तीसगढ़ स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड को आईपीओ (IPO) के माध्यम से स्टॉक एक्सचेंज में सूचीबद्ध करने की सैद्धांतिक सहमति दी गई है. इस फैसले से आम नागरिकों और निवेशकों को कंपनी की विकास यात्रा में भागीदार बनने का मौका मिलेगा, जिससे कंपनी की वित्तीय क्षमता और पारदर्शिता को एक नई मजबूती मिलेगी. कैबिनेट ने इसके लिए आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने हेतु कंपनी के संचालक मंडल को अधिकृत कर दिया है.

विज्ञापन


वैकल्पिक फसलों पर ₹15,000 प्रति एकड़ सहायता


खरीफ-2026 से 'कृषक उन्नति योजना' के नए स्वरूप को मंजूरी दे दी गई है. फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने और धान पर निर्भरता कम करने के लिए धान के बदले अन्य खरीफ फसलें या दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास की खेती करने वाले किसानों को प्रति एकड़ 15,000 रुपये की इनपुट सहायता (आदान सहायता) दी जाएगी. इस योजना का लाभ एकीकृत किसान पोर्टल, एग्रीस्टेक पंजीयन और डिजिटल क्रॉप सर्वे के आधार पर मिलेगा.


राशन कार्डधारियों को मिलता रहेगा चना


सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत पात्र परिवारों को वित्तीय वर्ष 2026-27 में चने का वितरण सुचारू रूप से जारी रखने का निर्णय लिया गया है. इसके तहत छत्तीसगढ़ राज्य नागरिक आपूर्ति निगम को नेकडेक्स-ई-मार्केट (NeML) के ई-ऑक्शन प्लेटफॉर्म के जरिए अधिकतम 0.25 प्रतिशत या उससे कम सर्विस चार्ज पर चना खरीदने की अनुमति दी गई है. साथ ही, वर्तमान व्यवस्था को अप्रैल से जून 2026 तक तीन महीने बढ़ाने की मंजूरी भी दी गई है.


अब चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन होगा 'योग'


'योग' विषय को अब समाज कल्याण विभाग से हटाकर चिकित्सा शिक्षा विभाग के अधीन करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है. चूंकि योग आयुष प्रणाली का एक अभिन्न हिस्सा है और इससे जुड़ी राष्ट्रीय गतिविधियां आयुष तंत्र के माध्यम से चलती हैं, इसलिए बेहतर प्रशासनिक तालमेल, शैक्षणिक और अनुसंधान गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए यह बदलाव किया गया है.


रायपुर-बिलासपुर समेत 4 शहरों में दौड़ेंगी 240 ई-बसें


प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत रायपुर, दुर्ग-भिलाई, बिलासपुर और कोरबा में कुल 240 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को मंजूरी मिल गई है. इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पेमेंट सिक्योरिटी मैकेनिज्म (PSM) स्कीम के अंतर्गत डायरेक्ट डेबिट मैंडेट (DDM) की सहमति भारत सरकार को भेजने की अनुमति दी गई है, जिससे नागरिकों को आधुनिक, प्रदूषण-मुक्त और किफायती परिवहन सेवा मिलेगी.


नवा रायपुर में जमीन खरीदी पर स्टांप ड्यूटी छूट अब 31 मार्च 2028 तक बढ़ी


नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण को आपसी सहमति से जमीन खरीदने पर मिलने वाली स्टांप ड्यूटी (मुद्रांक शुल्क) छूट की अवधि को बढ़ाकर 31 मार्च 2028 तक करने का निर्णय लिया गया है. इस फैसले से प्राधिकरण को जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में तेजी मिलेगी और नवा रायपुर के सुनियोजित विकास व बुनियादी ढांचे के विस्तार को मजबूती मिलेगी.


परिवहन वाहनों में RFID टैग और ट्रैकिंग सिस्टम हुआ अनिवार्य:


छत्तीसगढ़ खनिज (खनन, परिवहन तथा भंडारण) नियम, 2009 में बड़े संशोधन को मंजूरी दी गई है. अब खनिज परिवहन करने वाले वाहनों में आरएफआईडी (RFID) टैग और व्हीकल ट्रैकिंग सिस्टम अनिवार्य होगा. इसके साथ ही खनिजों के ग्रेड और मात्रा के सटीक आकलन के लिए आधुनिक तकनीक लागू की जाएगी. भंडारण शुल्क और सिक्योरिटी डिपॉजिट में बढ़ोतरी की गई है, जबकि 'ईज ऑफ डूइंग बिजनेस' के तहत लाइसेंस धारकों को अतिरिक्त जमीन की स्वीकृति और दो भंडारण लाइसेंसों के विलय का प्रावधान भी शामिल किया गया है, जिससे अवैध खनन पर लगाम लगेगी और राज्य का राजस्व बढ़ेगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
SIR- सांकेतिक फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़: मतदाता सूची में नाम जोड़ने व सुधार 11 दिसंबर तक, 4 जनवरी को अंतिम प्रकाशन

8 घंटे पहले

स्वच्छता अभियान- फाइल फोटो
छत्तीसगढ़ विशेष

स्वच्छता में छत्तीसगढ़ का डंका: राष्ट्रपति ने 3 निकायों को किया पुरस्कृत, बिल्हा देश में नंबर-1

एक दिन पहले

AI Generated Photo
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ में 5 दिनों में गटक गए 54.60 करोड़ की शराब, विदेशी स्पिरिट का रहा दबदबा

एक दिन पहले

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट
छत्तीसगढ़ विशेष

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का फैसला: फतवे की कोई कानूनी मान्यता नहीं, याचिका खारिज

1 सप्ताह पहले

लक्ष्य कोचिंग- दंतेवाड़ा
छत्तीसगढ़ विशेष

दंतेवाड़ा में कोचिंग घोटालाः 68 लाख की एजेंसी बाहर, 90 लाख वाली को काम

1 सप्ताह पहले

महादेव ऐप, सौरभ चंद्राकर, महादेव सट्टा
छत्तीसगढ़ विशेष

महादेव सट्टा के सौरभ चंद्राकर को CBI कल रायपुर अदालत में करेगी पेश

1 सप्ताह पहले

CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP