पीएम मोदी का कांग्रेस पर वार: पूर्वोत्तर की अनदेखी कर देश की सुरक्षा से खेला
गुवाहाटी । डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को असम के गुवाहाटी में एक विशाल चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला बोला. पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने शासनकाल के दौरान रणनीतिक रूप से संवेदनशील पूर्वोत्तर क्षेत्र की लगातार अनदेखी की और देश की सुरक्षा को हमेशा खतरे में डाला.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासन में असम भय और असुरक्षा के साये में रहा, जबकि भाजपा सरकार ने इस क्षेत्र के विकास और सुरक्षा को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता बनाया है.
प्रधानमंत्री ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि उनके समय में सेना के लिए हथियारों की खरीद में हजारों करोड़ के घोटाले होते थे, जबकि आज भारत अपनी सीमाओं पर आधुनिक सड़कों, सुरंगों और हवाई अड्डों का जाल बिछाकर सेना को सशक्त बना रहा है.
प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की कड़ी कार्रवाई का जिक्र करते हुए 'ऑपरेशन सिंदूर' की सफलता को रेखांकित किया और कहा कि आज दुनिया भारत की सैन्य शक्ति को लोहा मानती है.
उन्होंने कांग्रेस पर विभाजनकारी राजनीति करने का आरोप लगाते हुए उसे 'एमएमसी' (माओवादी मुस्लिम लीग कांग्रेस) करार दिया और कहा कि यह पार्टी देश को तोड़ने का एजेंडा चलाने वालों का साथ दे रही है.
पीएम मोदी ने अवैध घुसपैठ को खत्म करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि भाजपा असम की जनसांख्यिकी और सुरक्षा की रक्षा के लिए संकल्पित है.
बजट का हवाला देते हुए उन्होंने बताया कि 2014 के बाद असम के लिए आवंटन पांच गुना बढ़ गया है और पिछले 11 वर्षों में केंद्र ने राज्य के विकास के लिए 5.5 लाख करोड़ रुपये दिए हैं, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा हुए हैं.