संसद को मंडी में बदल दिया गया है- भूपेश बघेल
दुर्ग । संवाददाता: दुर्ग में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने केंद्र की एनडीए सरकार पर जमकर निशाना साधा और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर चिंता व्यक्त की. उन्होंने कहा कि सत्ता के लिए जनादेश का खुलेआम अपमान किया जा रहा है और सांसदों की खरीद-फरोख्त करके लोकतंत्र के मंदिर को मंडी में तब्दील कर दिया गया है.
भूपेश बघेल ने हैरानी जताते हुए कहा कि जिस दल को पिछले चुनाव में महज 822 वोट मिले थे, वह आज लोकसभा में एक बड़ी ताकत बनकर उभर रहा है.
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास गरीब बुजुर्गों की पेंशन और नगर पालिकाओं के कर्मचारियों को वेतन देने के लिए पैसे नहीं हैं, लेकिन जनप्रतिनिधियों को अपने पाले में लाने के लिए संसाधनों की कोई कमी नहीं है.
इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के ग्रामीण अध्यक्ष राकेश ठाकुर, शहर अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल, भिलाई अध्यक्ष मुकेश चंद्राकर और रिसाली महापौर शशि सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
पूर्व मुख्यमंत्री ने देश के वर्तमान हालात के लिए केंद्र की नीतियों को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल को भारतीय इतिहास का एक काला अध्याय करार दिया. भाजपा के "12 साल बेमिसाल" अभियान पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नोटबंदी, विसंगतिपूर्ण जीएसटी और कोरोना काल में बिना तैयारी के लगाए गए अचानक लॉकडाउन जैसे फैसलों ने करोड़ों लोगों को सड़क पर ला दिया.
भूपेश बघेल ने दावा किया कि गलत आर्थिक और विदेश नीतियों के कारण देश आज रिकॉर्ड तोड़ महंगाई झेल रहा है, जिससे अंतरराष्ट्रीय पटल पर भी भारत की छवि को ठेस पहुंची है. इसके साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा में हुए पेपर लीक और धांधली को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तुरंत इस्तीफे की मांग की और कहा कि लाखों छात्रों के भविष्य के साथ यह बहुत बड़ा खिलवाड़ है.
छत्तीसगढ़ के स्थानीय मुद्दों और सुरक्षा व्यवस्था पर बात करते हुए भूपेश बघेल ने राज्य की भाजपा सरकार को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने प्रदेश में लगातार बढ़ रही बिजली दरों को जनता पर अत्याचार बताया और कहा कि नई सरकार आने के बाद पांचवीं बार दाम बढ़ाए गए हैं, जिससे घरेलू उपभोक्ताओं से लेकर किसानों तक पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ आ गया है.
इसके अलावा, स्मार्ट मीटर की गड़बड़ियों और मनमाने बिलों को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई. अयोध्या के राम मंदिर परिसर में हुई चोरी का जिक्र करते हुए उन्होंने सवाल उठाया कि इस मामले में बिना एफआईआर दर्ज किए ही जांच क्यों की जा रही है, जिससे साफ लगता है कि कुछ छिपाने की कोशिश हो रही है.
वहीं, राज्य को नक्सल मुक्त करने के दावों पर पलटवार करते हुए बघेल ने कहा कि यदि वाकई खतरा टल गया है, तो अंदरूनी इलाकों से पैरामिलिट्री फोर्स के कैंप क्यों नहीं हटाए जा रहे और नेताओं व अफसरों को आज भी जेड प्लस जैसी विशेष सुरक्षा क्यों दी जा रही है. केवल खोखले बयानों और राजनीतिक प्रचार से नक्सलवाद खत्म नहीं होने वाला.