पाक रक्षा मंत्री ने इजरायल को बताया 'कैंसर', भड़का तेल अवीव
नई दिल्ली । डेस्क: इस्लामाबाद और तेल अवीव के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ द्वारा इजरायल को 'कैंसर' और 'शापित' बताने वाले बयान ने अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में हलचल मचा दी है. यह विवाद ऐसे समय में खड़ा हुआ है जब पाकिस्तान, ईरान और अमेरिका के बीच तनाव कम करने के लिए मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है.
ख्वाजा आसिफ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर अपनी पोस्ट में इजरायल पर तीखा हमला करते हुए लिखा कि एक तरफ शांति की बात हो रही है, तो दूसरी तरफ इजरायल लेबनान में नरसंहार कर रहा है.
उन्होंने गजा और लेबनान में हो रहे रक्तपात की निंदा करते हुए उन लोगों को भी कोसा जिन्होंने फिलिस्तीन की धरती पर इस देश की स्थापना की थी. हालांकि, विवाद बढ़ने पर उन्होंने बाद में यह पोस्ट डिलीट कर दी.
इस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए इजरायली प्रधानमंत्री कार्यालय और विदेश मंत्री गिदोन सार ने इसे 'घृणित' करार दिया. इजरायल का कहना है कि जो देश शांति की दलाली करने का दावा करता है, उसके मंत्री की ऐसी भाषा स्वीकार्य नहीं है. इजरायल ने इसे देश के विनाश के लिए उकसाने वाला बयान बताया है.
Israel views very gravely these blatant antisemitic blood libels from a government claiming to “mediate peace”.
— Gideon Sa'ar | גדעון סער (@gidonsaar) April 9, 2026
Calling the Jewish state “cancerous” is effectively calling for its annihilation.
Israel will defend itself against terrorists who vow its destruction. https://t.co/CCMveNi9Qu
वर्तमान में पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के प्रतिनिधियों के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में युद्धविराम लागू करना है.
दूसरी ओर, इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने स्पष्ट कर दिया है कि हिजबुल्लाह के खिलाफ हमले जारी रहेंगे.
लेबनान के रिहायशी इलाकों में हुए हालिया हमलों में 200 से अधिक लोगों की मौत के बाद लेबनानी प्रधानमंत्री नवाफ सलाम ने भी अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग की है. शांति वार्ताओं के बीच पाकिस्तान के इस तीखे रुख ने कूटनीतिक समीकरणों को और अधिक जटिल बना दिया है.