रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

US से 2790 से अधिक भारतीय निर्वासित किये गये: MEA

C

CG Khabar

31 अक्टू. 2025, 07:59 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

रणधीर जायसवाल
रणधीर जायसवाल

नई दिल्ली । डेस्क: विदेश मंत्रालय (MEA) ने गुरुवार को पुष्टि की कि इस वर्ष अब तक 2,790 से अधिक भारतीय नागरिकों को संयुक्त राज्य अमेरिका से वापस भेजा गया है. ये सभी लोग वहां अवैध रूप से रह रहे थे.


विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने साप्ताहिक मीडिया ब्रीफिंग में बताया कि यह कार्रवाई भारतीय अधिकारियों द्वारा इन नागरिकों के दस्तावेज़ों और राष्ट्रीयता की गहन जांच के बाद की गई.

विज्ञापन


जायसवाल ने कहा,“इस साल जनवरी से अब तक 2,790 से अधिक भारतीय नागरिकों को वापस भेजा गया है. ये वे लोग थे जो अमेरिकी मानदंडों पर खरे नहीं उतरते थे और अवैध रूप से रह रहे थे. उनके क्रेडेंशियल्स और राष्ट्रीयता की पुष्टि के बाद उन्हें वापस लाया गया है. कल तक की यही स्थिति है.”


प्रवक्ता ने आगे बताया कि इसी अवधि में यूनाइटेड किंगडम से भी लगभग 100 भारतीय नागरिकों को उनकी राष्ट्रीयता की पुष्टि के बाद निर्वासित किया गया है.


भारत ने इस अवसर पर अवैध प्रवासन के खिलाफ अपनी पुरानी नीति दोहराई और कानूनी माध्यमों से प्रवासन को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई.


जायसवाल ने स्पष्ट किया कि,“जब भी कोई व्यक्ति किसी देश में कानूनी दर्जा नहीं रखता और खुद को भारतीय नागरिक बताता है, तो भारत पहले उसकी पृष्ठभूमि और राष्ट्रीयता की जांच करता है. पुष्टि के बाद ही उसे वापस लिया जाता है.”


गौरतलब है कि हाल ही में पंजाब की 73 वर्षीय सिख महिला, हरजीत कौर, भी सितंबर में अमेरिका से निर्वासित किए गए भारतीय नागरिकों में शामिल थीं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP