ओम बिरला बांग्लादेश की नई सरकार के शपथ ग्रहण में भारत के प्रतिनिधि होंगे
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सरकार ने बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली नवनियुक्त सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को अपना आधिकारिक प्रतिनिधि नियुक्त किया है. विदेश मंत्रालय द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, बिरला मंगलवार को ढाका में आयोजित होने वाले इस समारोह में शामिल होंगे.
यह निर्णय राजनीतिक गलियारों में काफी चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि विपक्षी दल हाल ही में ओम बिरला के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाए थे. विश्लेषकों का मानना है कि उन्हें पड़ोसी देश भेजने के पीछे मोदी सरकार का एक कूटनीतिक संदेश है.
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर काफी अटकलें लगाई जा रही थीं. हालांकि, सूत्रों के अनुसार उसी दिन मुंबई में फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के साथ प्रधानमंत्री की पूर्व-निर्धारित बैठक होने के कारण उनका ढाका जाना संभव नहीं हो पाया.
बांग्लादेश के अंतरिम सरकार के सलाहकार आसिफ नजरूल ने बताया कि मंगलवार सुबह निर्वाचित सांसदों का शपथ ग्रहण होगा और उसी दिन शाम 4 बजे नई कैबिनेट शपथ लेगी. भारत ने अपने आधिकारिक बयान में दोनों देशों के बीच मित्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति साझा प्रतिबद्धता को दोहराया है.