ओडिशा: लाल बाल रखकर ड्यूटी करने वाले DSP पर गिरी गाज
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के एक पुलिस अधिकारी अपने बालों के रंग की वजह से मुश्किलों में घिर गए हैं. 49 वर्षीय डीएसपी रश्मिरंजन दास, जो जगतसिंहपुर जिले में तैनात हैं, हाल ही में एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर थे.
वहां से उनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं, जिनमें उनके बाल चटख लाल रंग के नजर आ रहे थे.
सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीर आते ही 'नैतिक पुलिसिंग' शुरू हो गई और पुलिस की अनुशासन नियमावली पर सवाल उठने लगे.
हालांकि पुलिस मैनुअल में हेयर स्टाइल को लेकर कोई बहुत स्पष्ट लिखित नियम नहीं है, लेकिन विभाग ने इसे अनुशासनहीनता माना है.
ओडिशा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, एक पुलिस अधिकारी से शालीनता और गरिमा बनाए रखने की अपेक्षा की जाती है. विभाग ने अब रश्मिरंजन को तुरंत अपने बालों का रंग बदलकर 'सामान्य' करने का कड़ा निर्देश जारी किया है.