रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

ओडिशा: बलांगीर और बरगढ़ भी अब 'नक्सल मुक्त' घोषित

C

CG Khabar

02 मार्च 2026, 02:27 AM 1 मिनट में पढ़ें 1

योगेश बहादुर खुरानिया डीजीपी
योगेश बहादुर खुरानिया डीजीपी

भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा सरकार ने वामपंथी उग्रवाद के खिलाफ अपने अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है. राज्य के पुलिस महानिदेशक योगेश बहादुर खुरानिया ने रविवार को आधिकारिक तौर पर बलांगीर और बरगढ़ जिलों को नक्सल मुक्त घोषित कर दिया. 


यह घोषणा पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में 15 सक्रिय माओवादियों के आत्मसमर्पण के बाद की गई है. पुलिस के अनुसार, ये सभी कैडर बरगढ़-बलांगीर-महासमुंद डिवीजन में सक्रिय थे और इनके मुख्यधारा में लौटने के बाद अब इन दोनों जिलों में नक्सली गतिविधियों पर पूरी तरह विराम लग गया है.

विज्ञापन


डीजीपी खुरानिया ने इस उपलब्धि का श्रेय सुरक्षा बलों के सटीक खुफिया तंत्र, केंद्रीय और राज्य बलों के बीच बेहतर समन्वय और स्थानीय जनता के सक्रिय सहयोग को दिया है. 


उन्होंने कहा कि पुलिस बल के साहस और निरंतर अभियानों के कारण इन जिलों से नक्सलियों का सफाया संभव हो सका है. 


गौरतलब है कि इससे पहले मलकानगिरी, कोरापुट, बौद्ध, नुआपाड़ा और नबरंगपुर को भी नक्सल मुक्त घोषित किया जा चुका है. राज्य के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हाल ही में स्पष्ट किया था कि राज्य में अब केवल 40 के करीब माओवादी सक्रिय बचे हैं, जिन्हें खत्म करने के लिए अभियान तेज कर दिए गए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP