रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

US से प्रत्यर्पण के बाद NIA को अनमोल बिश्नोई की 11 दिन की कस्टडी

C

CG Khabar

19 नव. 2025, 04:45 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

अनमोल विश्र्नोई
अनमोल विश्र्नोई

नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय जाँच एजेंसी ने जेल में बंद 'गैंगस्टर' लॉरेंस बिश्नोई के छोटे भाई अनमोल बिश्नोई को संयुक्त राज्य अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद बुधवार को गिरफ्तार कर लिया. कड़ी सुरक्षा के बीच उसे कोर्ट में पेश किया गया, जिसने उसे एजेंसी की 11 दिन की कस्टडी में भेज दिया.


अनमोल बिश्नोई 2022 से फ़रार चल रहा था और NIA के टेरर-गैंगस्टर षड्यंत्र मामले में गिरफ्तार होने वाला 19वां व्यक्ति है. उसे मार्च 2023 में अपनी चार्जशीट में नामज़द किया गया था. उस पर 2020 से 2023 के बीच अपने भाई और 'आतंकवादी' गोल्डी बराड़ को आतंकी गतिविधियों में कथित तौर पर मदद करने का आरोप है.

विज्ञापन


जांच एजेंसियों को अक्टूबर 2024 में मुंबई में महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की हत्या में उसकी भूमिका का संदेह है. उस समय लॉरेंस बिश्नोई अहमदाबाद की साबरमती सेंट्रल जेल में बंद था. उसके कथित सहयोगी, शुबू लोंकर ने फेसबुक पोस्ट के ज़रिए हत्या की जिम्मेदारी ली थी, जिसे उसने पुलिस हिरासत में अनुज थापन की मौत से जोड़ा था. 


अनुज को बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर 14 अप्रैल, 2024 को हुई गोलीबारी के आरोप में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था. इस गोलीबारी की घटना और 29 मई, 2022 को पंजाब के मानसा जिले में सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी अनमोल की संलिप्तता का आरोप है.


NIA के अनुसार, अनमोल अमेरिका से बिश्नोई नेटवर्क का संचालन जारी रखे हुए था, भारत में गिरोह के सदस्यों के साथ समन्वय कर रहा था, शूटरों के लिए आश्रय और लॉजिस्टिक्स की व्यवस्था कर रहा था, और विदेश से जबरन वसूली रैकेट चला रहा था. उसे पिछले साल नवंबर में अमेरिका में हिरासत में लिया गया था और मंगलवार को भारत प्रत्यर्पित किया गया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP