NHRC ने UP में 3 कैदियों की मौत पर स्वतः संज्ञान लिया
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने यूपी की जेलों में 2 दिनों में 3 कैदियों की मौत पर स्वतः संज्ञान लिया है. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश के जेल महानिदेशक और वाराणसी के पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.
रिपोर्ट में तीनों मृत कैदियों की प्रारंभिक स्वास्थ्य रिपोर्ट के साथ ही कानूनी जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा मजिस्ट्रेट जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा है.
गौरतलब है कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी में 15 और 16 जून, 2025 को एक के बाद एक तीन कैदियों की मौत संबंधी मीडिया रिपोर्ट पर स्वत: संज्ञान लिया है.
रिपोर्ट में कहा गया है कि कथित तौर पर, जिला जेल में बंद एक पुरुष डॉक्टर और एक महिला कैदी की बीमार होने से मृत्यु हो गई, जबकि वाराणसी के केंद्रीय कारागार में बंद एक अन्य बंदी की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई.
आयोग ने कहा है कि यदि रिपोर्ट सत्य है, तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला है. इसी सिलसिले में आयोग ने उत्तर प्रदेश के कारागार महानिदेशक और वाराणसी पुलिस आयुक्त को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.