गुजरात पुलिस हिरासत में नाबालिग पर 'अत्याचार', NHRC ने DGP को भेजा नोटिस
नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने गुजरात में पुलिस हिरासत में एक 17 वर्षीय नाबालिग किशोर पर कथित 'अत्याचार' की घटना पर स्वतः संज्ञान लिया है. हाल ही में इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. हालांकि, सीजीखबर इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता है, लेकिन आयोग ने इस मामले में गुजरात पुलिस के महानिदेशक (DGP) विकास सहाय को नोटिस भेजा है.
डीजीपी को दो सप्ताह के भीतर नोटिस का जवाब देने को कहा गया है.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह घटना गुजरात के राजकोट जिले के गांधीग्राम पुलिस स्टेशन की बताई जा रही है. सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी को किशोर के बाल खींचते हुए देखा गया है.
यह भी दावा किया गया है कि उस समय अन्य पुलिसकर्मियों को भी हंसते हुए देखा गया था.
इस मामले का संज्ञान लेते हुए, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने कहा कि अगर यह घटना सच है, तो यह नाबालिग के मानवाधिकारों का गंभीर उल्लंघन है. आयोग ने कहा कि वीडियो वायरल होने के बाद यह शिकायत 6 अक्टूबर को सामने आई.
NHRC ने घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए गुजरात पुलिस के डीजीपी को नोटिस भेजा है और दो सप्ताह के भीतर आयोग को एक विस्तृत रिपोर्ट भेजने को कहा है कि वास्तव में क्या हुआ था.
मिली जानकारी के अनुसार किशोर को 1 सितंबर की रात को हिरासत में लिया गया था और अगले दिन अदालत में पेश किया गया था. घटना के लगभग दो सप्ताह बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया था.