नेपाल: पूर्व पीएम केपी शर्मा ओली और रमेश लेखक गिरफ्तार
काठमांडू । डेस्क: नेपाल की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया जब शनिवार सुबह पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और नेपाली कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को गिरफ्तार कर लिया. यह कार्रवाई पिछले साल हुए 'जेन जेड' (Gen Z) विरोध प्रदर्शनों के दौरान हुई मौतों और दमन से जुड़े एक आपराधिक मामले में की गई है.
पुलिस ने ओली को उनके भक्तपुर स्थित आवास से हिरासत में लिया, जबकि रमेश लेखक को तड़के सुबह सूर्यविनायक से गिरफ्तार किया गया.
प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस संबंध में गठित जांच आयोग की रिपोर्ट को लागू करने का फैसला लिया गया था.
पूर्व न्यायाधीश गौरी बहादुर कार्की के नेतृत्व वाले आयोग ने इन नेताओं पर आपराधिक लापरवाही और गैर-इरादतन हत्या का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय दंड संहिता की धारा 181 और 182 के तहत कार्रवाई की सिफारिश की है.
इस मामले में दोषी पाए जाने पर 10 साल तक की जेल का प्रावधान है.
आयोग की रिपोर्ट में तत्कालीन आईजीपी चंद्र कुबेर खापुंग सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों और सुरक्षा प्रमुखों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई और विभागीय दंड की सिफारिश की गई है.
गौरतलब है कि युवाओं के नेतृत्व में हुए उन प्रदर्शनों के दौरान सुरक्षा बलों की कार्रवाई में कुल 77 लोगों की जान गई थी और अरबों की संपत्ति का नुकसान हुआ था.
रिपोर्ट के अनुसार, अधिकारियों ने संभावित हिंसा की खुफिया जानकारी होने के बावजूद लापरवाही बरती, जिसके कारण स्थिति अनियंत्रित हुई. इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के मद्देनजर फिलहाल पूरे काठमांडू घाटी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है.