NCRB रिपोर्ट 2024: भारत में अपराधों में 6 फीसदी की कमी
नई दिल्ली । डेस्क: नेशनल क्राइम रिकॉर्ड्स ब्यूरो (NCRB) द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में साल 2024 के दौरान आपराधिक मामलों में सकारात्मक गिरावट दर्ज की गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, 2024 में देश भर में कुल 58.85 लाख अपराध दर्ज किए गए, जो 2023 के 62.41 लाख मामलों की तुलना में छह प्रतिशत कम हैं.
इसी तरह, प्रति लाख जनसंख्या पर दर्ज होने वाली अपराध दर भी 448.3 से घटकर 418.9 रह गई है.
आंकड़ों के विश्लेषण से पता चलता है कि 'चोट पहुँचाने' (Hurt) की श्रेणी में 30.58 प्रतिशत की बड़ी कमी आई है, हालांकि रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि यह बदलाव भारतीय न्याय संहिता (BNS) के लागू होने और धाराओं के विलय के कारण हो सकता है.
देश में हत्या के मामलों में भी 2.4 प्रतिशत की मामूली गिरावट देखी गई है, जहाँ 2024 में कुल 27,049 मामले दर्ज हुए. हत्याओं के पीछे मुख्य कारणों में आपसी विवाद, व्यक्तिगत रंजिश और लाभ की मंशा प्रमुख रही.
महिलाओं के खिलाफ अपराधों की बात करें तो इनमें 1.5 प्रतिशत की कमी आई है, जहाँ 2024 में 4.41 लाख मामले दर्ज किए गए, जिनमें 'पति या रिश्तेदारों द्वारा क्रूरता' के मामले सर्वाधिक थे. इसके अतिरिक्त, सामाजिक सुरक्षा के मोर्चे पर भी सुधार दिखा है.
अनुसूचित जाति (SC) के खिलाफ अपराधों में 3.6 प्रतिशत और अनुसूचित जनजाति (ST) के खिलाफ अपराधों में 23.1 प्रतिशत की महत्वपूर्ण गिरावट दर्ज की गई है.