मां ने की बेटे की हत्या, 8 माह तक घर में ही दफन रहा शव
सक्ती | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में एक हैरान करने वाली हत्या का आठ महीने बाद राज खुला है. एक मां ने अपने ही बड़े बेटे की हत्या परिवार वालों के साथ मिलकर की थी.
इसके बाद शव को घर के अंदर ही दफना दिया गया था. आठ महीने से घर में ही दफन शव को शनिवार को अधिकारियों की मौजूदगी में बाहर निकाला गया.
इस खबर को सुनकर इलाके में सनसनी फैल गई.
मालखरौदा थाना प्रभारी सतरूपा तारम ने मामले की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि घटना मालखरौदा थाना क्षेत्र की है.
बताया गया कि मृतक संदीप भारती की हत्या मां सरिता भारती ने अपने मंझले बेटे करण भारती और दूसरे पति रंजीत भारती के साथ मिलकर की थी.
घटना को अंजाम देने के बाद सभी ने मिलकर शव को घर में ही गड्ढ़ा खोद कर दफन कर दिया था.
उसके बाद से आरोपी गांव वालों को बेवकूफ बनाते रहे कि संदीप भारती बिना बताए कहीं चला गया है.
अचानक कल परिवार वालों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ. इसी दौरान मृतक की मां के मुंह से सच्चाई निकल गई.
इसके बाद इसकी चर्चा गांव में होने लगी. मामला पूरे गांव में फैलने के बाद दूर के रिश्तेदार अरविंद भारती ने थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई.
जिसके बाद मौके पर पुलिस पहुंची. एसडीएम की अनुमति के बाद शव को निकालने की कार्रवाई शुरू की गई.
मामले की सूचना मिलते ही सक्ती एसडीओपी मनीष कुंवर भी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचीं.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारी और फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में घटनास्थल पर खुदाई करवाई और शव को बाहर निकाला गया.
फिलहाल, पुलिस मृतक के परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.