मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति चुने गए
मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर
ढाका । डेस्क: बांग्लादेश में राजनीतिक हलचलों के बीच बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के वरिष्ठ नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर देश के नए राष्ट्रपति चुन लिए गए हैं. 35 वर्षों में पहली बार राष्ट्रपति पद के लिए हुए कड़े और सीधे चुनावी मुकाबले में 78 वर्षीय आलमगीर ने ऐतिहासिक जीत हासिल की.
मुख्य निर्वाचन आयुक्त और चुनाव निर्वाचन अधिकारी एएमएम नासिर उद्दीन ने चुनाव परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को कुल 255 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी और जमात-ए-इस्लामी समर्थित 11-दलीय विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार कर्नल (सेवानिवृत्त) ओली अहमद को केवल 88 वोटों से ही संतोष करना पड़ा.
इस चुनाव में कुल पंजीकृत 349 मतदाताओं में से 343 सांसदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जबकि 6 सांसद मतदान की प्रक्रिया से दूर रहे.
राष्ट्रपति चुने जाने के बाद नव-निर्वाचित राष्ट्रपति बंगभवन के ऐतिहासिक दरबार हॉल में आयोजित होने वाले विशेष समारोह में बांग्लादेश के नए राष्ट्रपति के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ लेंगे.
बांग्लादेश के राजनीतिक इतिहास में वर्ष 1991 के बाद यह पहला मौका है जब राष्ट्रपति पद के लिए ऐसा प्रतिस्पर्धी चुनाव आयोजित हुआ है, क्योंकि पिछले कुछ दशकों से यह पद मुख्य रूप से आम सहमति और निर्विरोध निर्वाचन के माध्यम से ही भरा जाता रहा था.
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के करीबी सहयोगी रहे पूर्व राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन द्वारा स्वास्थ्य कारणों का हवाला देकर अपना कार्यकाल पूरा होने से पहले ही इस्तीफा देने के बाद देश में यह चुनाव कराना आवश्यक हो गया था.