यूपी के बांदा में पारा 48.2 डिग्री पहुंचा, कई राज्यों में ऑरेंज अलर्ट जारी
नई दिल्ली । डेस्क: देश के एक बड़े हिस्से में भीषण हीटवेव (लू) का कहर जारी है. उत्तर, मध्य और पश्चिमी भारत के कई इलाके मंगलवार को प्रचंड गर्मी की चपेट में रहे, जहां उत्तर प्रदेश के बांदा में तापमान सबसे अधिक 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग ने आने वाले दिनों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए चेतावनी दी है कि फिलहाल इस जानलेवा गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है.
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, महाराष्ट्र और ओडिशा जैसे राज्य भी भीषण गर्मी से तप रहे हैं. भीषण गर्मी के बीच मध्य प्रदेश के इंदौर से एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां कार में कई घंटों तक फंसी रहने के कारण एक चार वर्षीय मासूम बच्ची की दम घुटने से मौत हो गई.
दिल्ली में इस साल मई का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां सफदरजंग में तापमान 45.1 डिग्री और रिज क्षेत्र में 46.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. थार मरुस्थल और पाकिस्तान से आ रही सूखी उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण राजधानी में रातें भी गर्म हो रही हैं.
इसके साथ ही दिल्ली की हवा भी 'खराब' श्रेणी (AQI 208) में पहुंच गई है, जिससे ग्रैप (GRAP) का पहला चरण लागू कर दिया गया है. गर्मी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने निर्माण श्रमिकों को विशेष किट (सत्तू, ओआरएस, शरबत) बांटने और अस्पतालों के बाहर रहने वाले तीमारदारों के लिए अस्थाई समर शेल्टर बनाने का ऐलान किया है.
अन्य राज्यों की बात करें तो पंजाब के फरीदकोट में पारा 47.3 डिग्री और हरियाणा के रोहतक में 46.9 डिग्री सेल्सियस रहा. महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में अमरावती 46.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा, वहीं राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में तापमान 46.3 डिग्री दर्ज किया गया.
राजस्थान के जोधपुर में भीषण गर्मी के बीच नहर की मरम्मत में देरी के कारण पानी का संकट भी गहरा गया है, हालांकि 21 मई तक पानी की आपूर्ति सामान्य होने की उम्मीद है.
ओडिशा भी भयंकर लू से जूझ रहा है, जहां झारसुगुड़ा में तापमान 44.8 डिग्री तक जा पहुंचा.
राहत की बात केवल पश्चिम बंगाल के लिए है, जहां बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण आने वाले दिनों में भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है. स्थिति को देखते हुए आंध्र प्रदेश सरकार ने भी अपने सभी शहरी निकायों को अगले सात दिनों तक पानी के काउंटर और कूलिंग शेल्टर बनाने के आपातकालीन निर्देश जारी किए हैं.