इंडोनेशिया में वृद्धाश्रम में भीषण आग, 16 बुजुर्गों की मौत
नई दिल्ली । डेस्क: इंडोनेशिया के मनाडो में वृद्धाश्रम में भीषण आग से 16 बुजुर्गों की मौत हो गई और कई घायल हो गये. स्थानीय पुलिस अधिकारी आलमस्याह पी. हसीबुआन ने सोमवार 29 दिसंबर, 2025 को सरकारी समाचार एजेंसी अंतरा को बताया कि यह आग मनाडो के 'वर्धा दमई' (Werdha Damai) रिटायरमेंट होम में लगी.
आग इतनी भयानक थी कि उसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया. राहत एवं बचाव कार्य के बाद रविवार देर रात आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक 16 लोगों की जान जा चुकी थी.
मनाडो के अग्निशमन विभाग के प्रमुख जिमी रोटिनसुलु ने बताया कि अधिकांश निवासी बुजुर्ग थे और वे इमारत के भीतर ही फंस गए थे.
इस हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
घटनास्थल के वीडियो फुटेज में आग की ऊंची लपटों के बीच स्थानीय लोगों को बुजुर्गों को बचाते हुए देखा गया है. फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है.