'वोट चोरी' और SIR के खिलाफ कल सुप्रीम कोर्ट तक मार्च
नई दिल्ली । डेस्क: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने देश के युवाओं, विपक्षी दलों और नागरिक समाज के लोगों से सोमवार को सुप्रीम कोर्ट तक शांतिपूर्ण मार्च निकालने का आह्वान किया है. इस मार्च के दौरान देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें 'वोट चोरी' पर तुरंत रोक लगाने, SIR प्रक्रिया को रोकने और मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की जाएगी.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि यह मार्च किसी एक राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि भाषा, जाति, लिंग, समुदाय और राज्यों की सीमाओं से परे एकजुट हुए भारतीयों का होगा.
उन्होंने दिल्ली में बीते दिन युवाओं के शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर हुई पुलिस और अन्य असामाजिक तत्वों की कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि प्यार और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले देश के युवाओं को लाठियों से दबाया नहीं जा सकता.
उन्होंने कहा कि देश की आवाज को दबाने की कोशिश करने वाले लोकतंत्र विरोधी तत्व भारत के लोगों को डरा नहीं सकते. राहुल गांधी ने "डरो मत" का संदेश देते हुए सभी देशवासियों से प्यार, भाईचारे और देशभक्ति के साथ इस मार्च में शामिल होने की अपील की.
गौरतलब है कि इससे पहले भी INDIA ब्लॉक के विपक्षी नेताओं ने संसद से विजय चौक तक पैदल मार्च निकालकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को एक ज्ञापन सौंपा था. अब इसी क्रम में विपक्ष और नागरिक समाज सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में है.