रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

करेले की सब्जी नहीं मिलने पर बेटे ने की मां की हत्या

करेले की सब्जी नहीं मिलने पर कलयुगी बेटे ने की मां की हत्या

C

CG Khabar

21 फ़र. 2026, 09:09 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

चंद्रपुर । डेस्क: महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के डोंगरगांव में एक बेटे ने अपनी 65 वर्षीय मां की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी क्योंकि उसने रात के खाने में उसकी पसंद की 'करेले की सब्जी' नहीं बनाई थी. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात की है. आरोपी की पहचान जगदीश पेटकुले के रूप में हुई है. जगदीश काम से लौटने के बाद जब रात को खाना खाने बैठा, तो उसे थाली में करेले की सब्जी नहीं दिखी. उसने तुरंत अपनी मां सुमित्रा से सवाल किया कि सब्जी क्यों नहीं बनी? जब मां ने सहजता से उत्तर दिया कि घरेलू कामों की व्यस्तता और समय की कमी के कारण वह यह सब्जी नहीं बना पाईं, तो जगदीश का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया.

विज्ञापन


देखते ही देखते मामूली बहस हिंसक झड़प में बदल गई. आवेश में आकर आरोपी ने अपनी वृद्ध मां को जमीन पर पटक दिया और उनके संवेदनशील अंगों, खासकर पेट और सीने पर ताबड़तोड़ लात और घूंसे बरसाने शुरू कर दिए. बुजुर्ग महिला की चीख-पुकार सुनकर जब पड़ोसी उन्हें बचाने दौड़े, तो आरोपी ने उन्हें भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर पीछे हटा दिया.


स्थानीय लोगों के अनुसार, जगदीश शराब का लती था और अक्सर घर में विवाद करता रहता था. उसके इसी हिंसक रवैये से तंग आकर उसकी पत्नी भी करीब दो महीने पहले उसे छोड़कर अपने मायके चली गई थी. 


घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया. गंभीर रूप से घायल सुमित्रा को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP